बीकानेर . शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में फिलहाल बड़े स्तर पर तबादले नहीं होंगे। एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने बीकानेर आए डोटासरा ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में बंद हुए करीब २० हजार स्कूलों को फिर शुरू करने से पूर्व उनकी समीक्षा की जा रही है। शिक्षा मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि जहां नामांकन होगा, वहां स्कूल पुन: शुरू किए जाएंगी।
प्रारंभिक और माध्यमिक निदेशालय के एकीकरण पर डोटासरा ने कहा कि यह मसला विचाराधीन है, केन्द्र सरकार के नियमानुसार आचार संहिता के बाद इस संंबंध में यथासंभव निर्णय होगा। लोकसभा चुनाव को लेकर किए सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में २५ सीटें कांग्रेस के पक्ष में होंगी। हालांकि वे यहां किसी उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जुमलों को अब जनता समझ चुकी है।
निजी स्कूलों की नहीं चलेगी मनमानी
डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में निजी स्कूलों की मनमानी नहीं चलने दी जाएगा। स्कूलों से जुड़ी शिकायतें मिलने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। अन्नपूर्णा योजना बंद किए जाने की बात नकारते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिना समीक्षा किए किसी भी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। बीकानेर से पहले डोटासरा शुक्रवार को नोखा और पांचू के निजी स्कूलोंं के कार्यक्रम में भी पहुंचे।
संगठन को भनक नहीं
शिक्षा मंत्री डोटासरा के बीकानेर आने की सूचना कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को भी नहीं लगी। सूचना के बाद कुछ कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी रानी बाजार स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। डोटासरा शुक्रवार शाम को ही लौट गए।
एकीकरण का विरोध
राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ रेस्टा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय का माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में एकीकरण किया तो इसका विरोध किया जाएगा। रेस्टा के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं संयुक्त कर्मचारी महासंघ के जिला उपाध्यक्ष मोहरसिंह सलावद व जिला सभाध्यक्ष गुरुचरण सिंह मान ने कहा कि विशिष्ट शासन सचिव प्रदीप कुमार बोराड की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जिसमें निदेशक माध्यमिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है।





No comments:
Post a Comment