Breaking News
recent

कृष्णा-ज्योति के लिए जयपुर आएंगी प्रियंका!

विकास जैन / जयपुर. लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जयपुर शहर और जयपुर ग्रामीण में महिला प्रत्याशी उतारकर पहले ही महिला कार्ड खेल दिया है। अब आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार में भी आधी आबादी को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस इसी रणनीति पर आगे बढऩे की तैयारी कर रही है। जयपुर शहर में चुनावी शंखनाद के तौर पर पिछले दिनों राहुल गांधी रामलीला मैदान में कांग्रेस के शक्ति कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुके हैं। अब जयपुर में राहुल के आने की संभावना कम है। ऐसे में कांग्रेस का प्रयास प्रचार अभियान के दौरान जयपुर शहर में प्रियंका गांधी की सभा कराने पर है। बड़े नेता के तौर पर कांग्रेस में फिलहाल प्रियंका गांधी पर ही विचार चल रहा है।

 

वहीं राजस्थान के बड़े नेताओं में विधानसभा चुनाव की तरह ही जयपुर शहर में अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की सभाएं अधिक से अधिक कराने की तैयारी है। इनके अलवा ब्राह्मण व वैश्य वर्ग के प्रदेश के कुछ अन्य मंत्री भी जयपुर में प्रचार की कमान संभाल सकते हैं।

 

सीएम व डिप्टी सीएम जुटेंगे प्रचार में

जयपुर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि जयपुर शहर में प्रचार, सभा या रोड शो के लिए प्रियंका गांधी को लाने की कोशिश की जा रही है। इनके अलावा प्रदेश स्तरीय नेताओं में मुख्य तौर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट व जयपुर के नेता यहां प्रचार व सभाएं करेंगे।

 

गहलोत-पायलट की गुरुवार को टोंक में चुनावी सभा

प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट व प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे गुरुवार को टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के टोंक में चुनावी सभी को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने यहां से पूर्व केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा को उम्मीदवार बनाया है। सभा दोपहर 2 बजे टोंक के कॉलेज ग्राउण्ड में होगी। प्रदेश कांग्रेस की मीडिया चेयरपर्सन अर्चना शर्मा ने बताया कि सभी नेता दोपहर 1:30 बजे जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट से हैलीकॉप्टर के जरिए टोंक पहुंचेंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.