अलवर. लोकसभा चुनाव में नव मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरुक करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से रविवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन में 3 हजार स्कूली युवा, कॉलेज छात्रा, स्काउट गाइड, सैनिक, नेहरू युवा केंद्र के पे्ररक, शहर के महिला क्लब, खेल परिसंघों के प्रशिक्षु, बूथ लेवल अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण ने भाग लिया।
मैराथन दौड़ इंदिरा गांधी स्टेडियम से शुरु होकर मोती डूंगरी, एसएमडी सर्किल, नंगली सर्किल, बिजलीघर चौराहे होते हुए वापस स्टेडियम पर सम्पन्न हुई। मैराथन दौड़ को लेट्स वोट अलवर रन नाम दिया गया। मैराथन दौड को जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्रजीत सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक अमित चौधरी व पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाकर मतदान करने का संकल्प दिलाया। सहायक प्रभारी (स्वीप) श्याम लाल साटोलिया ने बताया कि इस अवसर पर कला भारती, हैल्पिंग हैण्ड्स की ओर से मतदान संगीत व धुन का प्रदर्शन किया गया तथा स्वीप टीम की ओर से हस्ताक्षर अभियान व एम स्वीप एप का आगाज किया गया।
एचडीएफ सी के मैनेजर बलवंत सिंह व शैलेश तिवाडी की ओर से मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी शर्ट व मेडल दिए गए। इस अवसर पर नगर विकास न्यास के सचिव एवं मैराथन प्रभारी कानाराम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय नगायच, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम रामचरण शर्मा, उपखण्ड अधिकारी अलवर नीलाभ सक्सेना, सहायक कलक्टर देवेन्द्र परमार एवं जिला स्तरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अनेक बालक बालिकाओं ने भाग लिया।
एम स्वीप एप 25 हजार लोगों ने किया डाउनलोड
एम स्वीप एप को 25140 लोगों ने डाउनलोड किया, इनमें कठूमर में 4750, बहरोड़ में 4010, तिजारा में 3243, अलवर ग्रामीण में 2492, मुण्डावर में 2394,
अलवर शहर में 2001, बानसूर में 1416, रामगढ़ में 1393, थानागाजी में 1281, किशनगढ़बास में 1240 एवं राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 920 लोग शामिल हैं।





No comments:
Post a Comment