Breaking News
recent

आखिर चेती पाली पुलिस, अवैध शराब के मिले स्टॉक, दो जगह की कार्रवाई

- पत्रिका के खुलासे के बाद कोतवाली पुलिस व रायपुर मारवाड़ पुलिस की कार्रवाई
- कोतवाली पुलिस ने नौ कार्टन व रायपुर मारवाड़ पुलिस ने आठ कर्टन शराब और हथकढ़ शराब बरामद की
- खबर का असर

पाली। सस्ते के फेर में चुनावी सीजन में अवैध शराब का स्टॉक करने के मामले का राजस्थान पत्रिका में खुलासे के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। आइजी सचिन मित्तल के निर्देश के बाद पुलिस ने दो जगहों पर अवैध शराब बरामद की। कोतवाली पुलिस ने बजरंबाड़ी क्षेत्र में छह कर्टन देशी शराब व तीन कर्टन बीयर बरामद की। इसी प्रकार रायपुर मारवाड़ पुलिस ने आठ कर्टन शराब बरामद की। पुलिस की यह कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार राजस्थान पत्रिका ने समाचार प्रकाशित कर अवैध शराब के स्टॉक का खुलासा किया था। इसके बाद आइजी सचिन मित्तल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी एसएचओ को कार्रवाई के लिए कहा। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को बजरंग बाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर एक केबिन से छह कर्टन देशी शराब व तीन कर्टन बीयर बरामद की। आरोपी मंडिया रोड हाल बजरंग बाड़ी निवासी मांगीलाल पुत्र मूलाराम घांची को गिरफ्तार किया।

मकान में छुपाया स्टॉक, पुलिस ने दी दबिश
रायपुर मारवाड़। रायपुर मारवाड़ थाना प्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को सवेरे झाला की चौकी से सटे भगवानपुरा गांव में प्रताप सिंह रावत पुत्र दुर्ग सिंह रावत के मकान में दबिश दी। पुलिस ने देशी शराब के पव्वों से भरे आठ कर्टन जब्त किए। इसी मकान के दूसरे कमरे की तलाशी लेने पर वहां हथकढ़ शराब से भरे दो केन में 30 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में मुख्य आरक्षी हुकम सिंह जैतावत भी शामिल थे।

ठेके से शराब खरीदने का संदेह
शराब किस अधिकृत ठेके से खरीद की गई। शराब ठेकेदार द्वारा ही मकान तक भेजी गई तो वाहन किस का था। हथकढ़ शराब का सप्लायर कौन है। इस तस्करी में और कौन लोग शामिल है। इसको लेकर आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने अन्य गांवों में भी सस्ते में शराब बिकने की आशंका को लेकर दो टीमें गठित कर छापा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में भी हलचल मची हुई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.