गुढ़लिया-अरनिया. ग्राम पंचायत देलाड़ी के मितरवाड़ी गांव में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जलदाय विभाग प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग की ओर से एक नलकूप व पानी की टंकी का निर्माण कर एक कर्मचारी भी तैनात किया गया था, लेकिन भूजल स्तर गिर जाने के कारण नलकूप में पानी की आवक नगण्य हो गई है। इससे टंकी तक पानी पहुंच ही नहीं पाता है। गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही पानी की खपत बढ़ गई है। आस-पास कोई जल स्त्रौत नहीं है। जबकि गांव के लोगों का मुख्य व्यवसाय पशुपालन है। ऐसे में मवेशियों के लिए भी पानी की समस्या बढ़ गई है। मजबूरन लोगों को 250 से 300 रुपए खर्च कर टैंकर मंगवाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में पानी की समस्या लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या के बारे में कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन व जलदाय विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर जू तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने जलदाय विभाग से एक अतिरिक्त नलकूप का निर्माण कराए जाने की मांग की।
रामराय पंचोली, किशोर शर्मा, रामप्रसाद प्रजापत, रामेश्वर शर्मा, मुरारीलाल प्रजापत, सुरेश जांगिड़, मनोज जांगिड़, विष्णु शर्मा, विमलेश शर्मा, मनीष शर्मा, गिर्राजप्रसाद शर्मा, कुलदीप शर्मा, विनोद कुमार, राकेश प्रजापत, मोहित शर्मा, दिलीप पंचोली, नितेश व लाली शर्मा ने भी विरोध जताया।
पेयजल संकट गहराया
मानपुर. कस्बे में गर्मी के साथ ही पीने के पानी की भारी किल्लत बन गई। पिछले दस दिनों से आधा दर्जन मोहल्लों में पेयजल सप्लाई बाधित चल रही है। कस्बेवासियों द्वारा अधिकारियों को पानी की समस्या से अवगत कराने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
मदन जारवाल, कमलेश पटेल, रमेश ब्रह्मचारी, सत्यनारायण सोनी, श्याम सुन्दर सोनी सहित अन्य ने बताया कि जलदाय विभाग द्वारा आधे कस्बे को उच्च जलाशय व आधे को ट्यूबवैलों से पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले दस दिनों से आयुर्वेद अस्पताल के पास लगे ट्यूबवैल की मोटर खराब पड़ी है। इससे बैरवा मोहल्ला, पटेल मोहल्ला, सोनी मोहल्ला, आदर्श कॉलोनी, ब्रह्मचारी मोहल्ला में पेयजल आपूर्ति बाधित चल रही है। गर्मी के मौसम में लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड रहा है।
जलदाय विभाग द्वारा कस्बे की पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए एक करोड़ की पेयजल योजनांतर्गत पाइप लाइन व जलाशय का निर्माण करवाया गया था, लेकिन पाइप लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है।
शीघ्र ही पानी की समस्या क ा समाधान नहीं किया गया तो आन्दोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इधर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता दीनदयाल मीना ने बताया कि जल समस्या के बारे में कोई शिकायत नहीं आई है। पानी की समस्या को लेकर कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए गए है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।





No comments:
Post a Comment