जैसलमेर. लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में बाड़मेर-जैसलमेर और जोधपुर संसदीय क्षेत्र के लिए आगामी २९ अप्रेल को होने वाले चुनाव के लिए इस बार मतदान दलों को एक दिन पहले यानी २८ अप्रेल को जिला मुख्यालय से रवाना किया जाएगा। देश के दूसरे सबसे बड़े निर्वाचन क्षेत्र बाड़मेर-जैसलमेर में मतदान करवाने वाले कई चुनाव कर्मियों में इस नवाचार से घबराहट है क्योंकि जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्र जिला मुख्यालय से २००-२५० किलोमीटर तक की दूरी पर आए हुए हंै। इनमें से कुछ केंद्र सीमा क्षेत्र में भी स्थापित हैं, जहां पहुंचने में कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दूसरी तरफ प्रशासन का मानना है कि भीषण गर्मी में चुनाव कार्मिकों को राहत प्रदान करने के लिए एक दिन पहले रवानगी का कार्यक्रम बनाया गया है। हालांकि इस बीच राज्य निर्वाचन विभाग ने राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर समेत ८ जिलों २३ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान दलों को एक की बजाय दो दिन पहले रवाना करने के लिए अपनी सहमति जता दी है। इन जिलों में बीकानेर, चित्तौडग़ढ़, गंगानगर, जोधपुर, नागौर और पाली भी सम्मिलित हैं। जैसलमेर जिले के जैसलमेर और पोकरण तथा बाड़मेर के शिव, पचपदरा और सिवाना विधानसभा क्षेत्रों में मतदान दलों को २७ अप्रेल को रवाना करने के लिए सहमति जताई गई है।
हर बार दो दिन पहले जाते हैं दल
गौरतलब है कि जैसलमेर विधानसभा के लम्बे-चौड़े क्षेत्रफल के मद्देनजर मतदान दलों को मतदान तिथि से दो दिन पहले मुख्यालय से चुनाव सामग्री देकर रवाना किया जाता है, जिससे कार्मिक गंतव्य स्थल तक सुगमतापूर्वक पहुंच कर आवश्यक तैयारियां कर ले। बताया जाता है कि इस बार निर्वाचन आयोग ने चुनाव मशीनरी की सुरक्षा का हवाला देते हुए मतदान से एक दिन पहले ही कार्मिकों को रवाना करने के आदेश जारी किए थे। जिसके चलते जैसलमेर जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों जैसलमेर (बाड़मेर) और पोकरण (जोधपुर) के मतदान दलों की रवानगी का कार्यक्रम २८ अप्रेल निर्धारित किया गया है।
दो घंटे बढ़ाया गया है मतदान का समय
ऐसे में कार्मिकों को संबंधित स्थल तक पहुंचकर मतदान केंद्र की स्थापना करने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को उसी दिन अंजाम देना होगा। इस बार चूंकि मतदान का समय आयोग ने दो घंटे बढ़ा दिया है, लिहाजा सुबह ७ से सायं ६ बजे तक चुनाव प्रक्रिया होगी। ऐसे में मॉक पोल मतदान दिवस को प्रात: ६ बजे शुरू करवानी होगी। गौरतलब है कि पूर्व में मतदान सुबह ८ से ५ बजे तक ही होता रहा है। मतदान ड्यूटी में शामिल कुछ कार्मिकों ने कहा कि जिले के भूगोल को देखते हुए दो दिन पहले दलों को रवाना किया जाए तो ज्यादा उचित रहेगा।
फैक्ट फाइल -
- 29 अपे्रल को बाड़मेर, जोधपुर क्षेत्र में चुनाव
- 358 मतदान केन्द्र जैसलमेर विधानसभा में
- 258 मतदान केंद्र पोकरण क्षेत्र में
- 800 मतदान दलों का किया गया गठन
गर्मी में नाहक परेशान होंगे
४५ डिग्री तापमान के मद्देनजर मतदान कार्मिकों को एक दिन पहले रवाना करने का कार्यक्रम बनाया है। जिले में दो ही विधानसभा क्षेत्र हैं तथा २८ तारीख को सुबह ६ बजे मतदान दलों को रवानगी के लिए बुलाया है। उन्हें ९-१० बजे रवाना कर देंगे, जिससे वे सही समय पर दूरदराज के मतदान केंद्रों तक भी पहुंच सकेंगे। ऐसे में दो दिन पहले दलों को रवाना करने की कोई तुक नहीं है।
- नमित मेहता, जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर), जैसलमेर





No comments:
Post a Comment