गंगापुरसिटी . चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियां लुभावना घोषणा पत्र लाती हैं। ज्यादातर में स्थानीय मुद्दों का जिक्र तक नहीं होता। चुनाव के बाद यह वादे और दावे धरातल पर नहीं आ पाते। ऐसे में जनता खुद को ठगा सा महसूस करती है। अब जरूरत है मतदाता को अपनी ताकत पहचानने की, जिससे ‘विकास’ घोषणा पत्रों से बाहर आकर जनता का हित साध सके। यह बात रविवार को रीको स्थित पत्रिका कार्यालय में राजस्थान पत्रिका की ओर से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रखी गई जनएजेंडा मीटिंग में प्रबुद्धजनों के मंथन के दौरान निकलकर आई।
जन एजेंडा तैयार करने पहुंचे शहर के प्रबुद्धजन एवं युवाओं ने शहर की भलाई और विकास के लिए हर पहलू पर मंथन कर विचार व्यक्त किए। साथ ही वोट देने से पहले दावेदार को परखने और उनसे सवाल-जवाब करने का वादा भी किया। फोकस आधारभूत सुविधाओं पर रहा। खास कर टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र में पेयजल, टोंक को रेलवे से जोडऩे, युवाओं को बेहतर और रोजगारपरक शिक्षा के साथ कन्या महाविद्यालय खोलने की मांग पुरजोर तरीके से उठी। इससे इतर लोगों ने जनप्रतिनिधि से अपेक्षा रखी कि वह जीतने के बाद जनता का प्रतिनिधि होता है। ऐसे में वह बिना भेदभाव सभी क्षेत्र का विकास कराए। सरकारें निजीकरण को बढ़ावा नहीं दें और जलदोहन की स्थिति को देखते हुए जलस्रोत के साधन बढ़ाए।
इन्होंने तैयार किया एजेंडा
पत्रिका कार्यालय में हुई मीटिंग में पूर्व प्रधानाचार्य महेन्द्र शर्मा, व्यवसायी पंकज गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता रीना पल्लीवाल, प्राचार्य डॉ. बृजेन्द्र सिंह गुर्जर, वैद्य राजेन्द्र शर्मा, पत्रिका चेंजमेकर मुक्तिदिर अहमद, व्यापारी केदार प्रसाद पीतलिया, प्रधानाचार्य महेश गुप्ता, चेंजमेकर बेअंत सिंह चौधरी, अनिल दुबे एडवोकेट, वैश्य महिला सम्मेलन की कुशला खूंटेटा, सुमन एवं किरन आदि ने जनएजेंडा तैयार किया।
मीटिंग में यह तैयार हुआ जनएजेंडा
- तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना।
- गंगापुरसिटी स्टेशन से जंक्शन बने।
- रोजगार को नए उद्योग स्थापित हों।
- चम्बल परियोजना का पानी शीघ्र मिले।
- बेहतर कल के लिए पानी के संग्रहण की योजना बने।
- क्षेत्र में कन्या महाविद्यालय की स्थापना हो।
- महिला सुरक्षा के संसाधनों में इजाफा हो।
- युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी स्तर पर फैशन डिजाइनिंग आदि के कोर्स शुरू किए जाएं।
- स्किल डवलपमेंट केन्द्र खोला जाए।
- सवाईमाधोपुर के अमरूदों के पहचान के लिए अमरूदों का बड़ा उद्योग लगाया जाए।
- गरीबी-बेरोजगारी मिटाने को ठोस योजना तैयार हो।
- धौलपुर-गंगापुरसिटी ब्रॉडगेज का कार्य शीघ्र हो।
- गंगापुर स्टेशन पर गाडिय़ों का ठहराव हो, जिससे व्यवसाय समृद्ध हो।
- वेस्ट रिसाइकिलिंग प्लांट खोला जाए।
- घोषणा पत्र लिखित और स्पष्टीकरण के साथ हो।
- नगरपरिषद स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार दे।
- शहरवासियों के लिए पार्क विकसित किए जाएं।
- टोंक को रेलवे लाइन से जोड़ा जाए।
- पांचना का पानी किसानों को मिले।





No comments:
Post a Comment