दौसा. शहरवासियों के लिए रविवार की खुशनुमा सुबह उल्लास और खुशियों के रंग से सराबोर रही। चुनावी माहौल के बीच लोगों को फिट रखने को लेकर राजस्थान पत्रिका के हमराह आयोजन के तहत सामाजिक संगठनों के सहयोग से बजरंग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह से भाग लिया।
रोजमर्रा की भागदौड़ और व्यस्तता को छोड़कर लोग खुशनुमा सुबह में सुकून के पल बिताने पहुंचे। जहां बच्चों को तो मानो मौज-मस्ती की खुली छूट मिल गई। वहीं युवाओं, बालिकाओं, महिलाओं और बुजर्गों ने योग, कसरत और पारम्परिक खेल का लुत्फ उठाया।
सुबह 5.30 बजे से ही लोगों ने बजरंग मैदान पहुंचना शुरू कर दिया। जैसे ही सूरज निकला, सभी ने सूर्य नमस्कार किया। लोगो को सुबह के अद्भुत नजारे की लालिमा की खूबसूरती को निहारने का अवसर मिला। बच्चों की खुशियों को तो मानो पंख लग गए। बच्चो ने मैदान में साइकिल चलाने का भरपूर मजा लिया। महिलाएं पुरुष घास और रैम्प पर सैर व योग करते नजर आए।
करो योग, रहो निरोग
सुबह के शांत वातावरण में लोगों ने योगा का फायदा उठाया। योगाचार्य शिवरतन नायला ने योगाभ्यास कराया। योग प्राणायाम की विभिन्न क्रियाएं भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम एवं ध्यान की क्रिया कराई गई व लोगों को उनके लाभ के बारे में बताया । पेड़ के नीचे बुजुर्ग भी ध्यान करते नजर आए। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता नजर आई।
प्रतियोगिताओं में दिखाई भागीदारी
इस दौरान कई प्रतियोगिताएं हुई। बच्चों सितोलिया, बैडमिन्टन, फुटबॉल आदि खेलों का लुत्फ उठाया, वहीं बालिकाएं भी रस्सीकूद में आगे रहीं। शहरवासियों ने कहा कि पत्रिका की ओर से किए जाने वाले सामाजिक सरोकारों के कार्यक्रम सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम नियमित होते रहने चाहिए।
मतदान की ली शपथ
पत्रिका के हमराह कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र के महापर्व में शिवशंकर सोनी ने लोगों को स्वच्छ राजनीति और मतदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में दिलीप बनियाना, गोविंद अग्रवाल, रामराय शर्मा, बाबूलाल बनावडी, महेश बनावडी, घनश्याम रावत, श्यामसुंदर शमार्, नंदकिशोर शर्मा, राजकुमार विजयवर्गीय, अशोक सैंथल, गिर्राज रावत, राकेश गंडरावा, ओमप्रकाश, बाबूलाल, द्वारका,सत्यनारायण शहारा, शम्भू धौकरिया, सत्यनारायण धौकरिया, रमेश चांदराना, संतोष मानपुर अजय सत्यनारायण मित्तल सहित अन्य मौजूद रहे।
लोगों ने स्वच्छ राजनीति, अच्छी छवि और शहर का विकास करने वाले वाले राजनेताओं को चुनने की शपथ ली। अंत में पत्रिका प्रतिनिधि गौरव खण्डेलवाल, राजेन्द्र जैन व रोशन जोशी ने आगन्तुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।





No comments:
Post a Comment