भवनेश गुप्ता / जयपुर। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जयपुर शहर से ज्योति खंडेलवाल और जयपुर ग्रामीण में महिला प्रत्याशी कृष्णा पूनियां को उतारकर पहले ही महिला कार्ड खेल दिया है। अब आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार में भी आधी आबादी को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस इसी रणनीति पर आगे बढऩे की तैयारी कर रही है। इसके चलते भाजपा भी महिला मतदाताओं पर फोकस कर रही है।
शहर भाजपा की जयपुर शहर सीट जीतने के लिए महिला मतदाताओं व मोहल्लों पर नजर है। शहर भाजपा विधानसभा प्रबंधन समिति की बुधवार को यहां आयोजित बैठक में महिला और मोहल्ला दोनों पर फोकस किया गया। महिला मतदाताओं से संपर्क के लिए धार्मिक स्थल और किट्टी पार्टी व अन्य जगह को चिन्हित किया गया है। इसकी जिम्मेदारी महिला मोर्चा को दी गई है। ये हर दिन चिन्हित जगह पर पहुंचकर महिलाओं को भाजपा की रणनीति के बारे में बता रही हैं। मोहल्ला में हर घर तक पहुंचने का दारोमदार बूथ प्रमुख तो दिया गया है। करीब 1900 बूथ हैं और इतने ही बूथ प्रमुखों को अपने क्षेत्र के मतदाताओं को केन्द्र सरकार के कार्यों का बखान करने के लिए कहा गया है। संगठन का मानना है कि इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक व्यक्तिगत रूप से मिल सकेंगे।
यहां हुई बैठकें
सांगानेर विधानसभा प्रबंध समिति की बैठक विधायक अशोक लाहोटी के त्रिवेणी नगर स्थित निवास पर हुई। यहां शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, लोकसभा विस्तारक ओमप्रकाश, सांगानेर लोकसभा संयोजक अजयपाल सिंह के अलावा पांचों मण्डल के अध्यक्ष-पदाधिकारी, वार्ड संयोजक प्रभारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रचार की रूपरेखा बनाई। बाद में आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में बैठक हुई।
इन पर भी फोकस
-नमो एप का प्रचार, ज्यादा से ज्यादा लोगों के मोबाइल में एप डाउनलोड कराया जाएगा।
-विपक्ष की वादे और उनकी हकीकत को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करना।
-भाजपा की योजनाओं को हर तरीके से हर घर तक पहुंचाना।





No comments:
Post a Comment