जैसलमेर।
राजस्थान की सबसे हॉट सीट जोधपुर लोकसभा में सीएम अशोक गहलोत के बेटे कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत का चुनावी प्रचार जोरों पर है। वैभव गहलोत ने बुधवार को पोकरण क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान वैभव ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। वैभव गहलोत ने एक के बाद एक चुनावी सभाओं में भाजपा और मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की जनता से काला धन व दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक न तो काला धन आया और न युवाओं को नौकरियां मिलीं। आपको बता दें कि वैभव गहलोत पहली बार चुनाव में भाग्य आजमा रहे हैं। सीएम गहलोत के पुत्र वैभव का केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेन्द्र सिंह शेखावत से सीधा मुकाबला है। इस बार जोधपुर की इस हॉट सीट पर दोनों के बीच कड़ टक्कर देखने को मिलने वाली है। भले ही वैभव को पार्टी ने चुनाव में पहली दफा उतारा हो, लेकिन उनको कम आंकना भाजपा को भारी पड़ सकता है, क्योंकि वे पार्टी संगठन के लिए काफी समय से काम कर रहे हैं।
अपनी सभाओं के दौरान वैभव ने खुद को जोधपुर की जनता का वकील बनने की बात कही और पोकरण की जनता से कहा कि उन्होंने 15 साल संगठन में कार्यकर्ता से लेकर पार्टी में पदाधिकारी पद पर कार्य किया है। कई जन आंदोलनों में पुलिस के डंडे भी खाए है। आलाकमान ने मुझे जोधपुर का प्रत्याशी बनाकर भेजा है। पोकरण की जनता ने भी वैभव गहलोत का पूरा समर्थन किया और गुड़ से तौलकर जीत का आशीर्वाद दिया।
वैभव गहलोत ने टिकट मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित प्रदेश के तमाम नेताओं का धन्यवाद देते हुए कहा था कि उन्हें मौका मिला है तो कांग्रेस की नीतियों पर चुनाव लड़ेंगे। 20 साल बाद पिता की सीट से ही चुनाव लडऩे पर वैभव ने कहा कि यह बहुत बड़ा मौका है, बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। चुनाव में पार्टी को विजयी बनाएंगे। पिछली भाजपा सरकार में जोधपुर की उपेक्षा हुई। मेरा लक्ष्य होगा जोधपुर का सम्पूर्ण विकास, आधारभूत ढांचे को विकसित करने के लिए कार्य करूंगा।





No comments:
Post a Comment