जोधपुर।
देशभर के रेलवे स्टेशनों में सिरमौर बना जोधपुर रेलवे स्टेशन अपने सिर सजे ताज को बरकरार रखने के लिए कवायद शुरू कर दी है। पिछले वर्ष, देश के रेलवे स्टेशनों पर सफाई, यात्री सुविधा आदि को लेकर किए गए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआइ) के सर्वे में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेलवे स्टेशन को पहला स्थान दिया गया था। इस वर्ष भी रेलवे की टीम स्वच्छता सर्वे में अपने ताज को बचाए रखने के लिए तैयारियों में जुट गया है। पिछले वर्ष देश के सभी जोन में उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्वच्छता सर्वे में बाजी मारी थी। जिसमें जोधपुर स्टेशन को 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान मिला था। वर्तमान में गुजरात की राजदीप एंटरप्राइजेज कंपनी रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था का काम कर रही है। टेण्डर के अनुसार इस कंपनी का कार्यावधि 31 मार्च को पूरा हो जाएगी और 1 अप्रेल सोमवार से गुरुग्राम की वी-इंस्पायरर रेलवे स्टेशन की सफाई कार्य संभालेगी। पिछले वर्ष की भांति इस बार क्यूसीआइ टीम के अप्रेल-मई में आने की संभावना है।
--
150 लोगों की टीम 24 घंटे कर रही है कार्य
रेलवे स्टेशन निदेशक नारायणलाल के अनुसार, वर्तमान में करीब 150 लोगों की टीम सफाई व्यवस्था में लगी हुई है। इसमें कुशल, अद्र्धकुशल, अकुशल, तकनीकी, उच्च तकनीकी विशेषज्ञों, रेलवे के स्वास्थ्य निरीक्षकों, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक व कर्मचारियों की टीम शामिल है। सफाईकर्मियों के काम की प्रतिदिन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के अलावा, विभागीय अधिकारियों की टीम मॉनिटरिंग कर प्रतिदिन उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देती है। स्टेशन पर दिन में चार पारियों में सफाईकर्मियों की टीमें काम कर रही है।
---
मैकेनाइज्ड क्लीनिंग का उपयोग
रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था में आधुनिक मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे फ्लोर स्क्रबर, राइड ऑन स्क्रबर, राइड ऑन स्वीपर, वॉक बिहाइंड स्क्रबर, वैक्यूम क्लीनर, मिनी स्क्रबर, स्टीम क्लीनिंग मशीन, मैकेनाइज्ड ड्रेन क्लीनर, बैक क्लीनर आदि मशीनों सहित केमिकल्स से स्टेशन को चमकाने का काम किया जा रहा है।
---
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार स्टेशन के पहले स्थान के दर्जे को बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत की जा रही है। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम दिन-रात काम में जुटी हुई है।
गोपाल शर्मा, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी
जोधपुर मण्डल





No comments:
Post a Comment