Breaking News
recent

सियासत : आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू, चुनाव प्रचार में जुटे प्रत्याशी

पाली. लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। पार्टी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में दमखम लगाना शुरू कर दिया हैं। वहीं निर्वाचन विभाग की ओर से भी चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है। मंगलवार से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेशचन्द जैन ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2019 के लिए मंगलवार से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मंगलवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार सहित पांच व्यक्ति नामांकन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित हो सकेंगे। तीन से अधिक वाहन भी साथ नहीं लाएंगे तथा रोड शो के लिए उपखण्ड अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर स्वीकृति लेनी होगी। उम्मीदवारों को चुनाव संबंधी व्यय निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध करना होगा। जिले में धारा 144 प्रभावी है। डीजे एवं ध्वनि प्रसारण यंत्रों पर रात्रि 10 से सुबह छह बजे तक पूर्णतया प्रतिबंध है। सुबह 6 से रात 10 बजे तक के लिए संबंधित उपखण्ड मजिस्ट्रेट से अनुमति लेना आवश्यक रहेगा।

चिह्नित स्थानों पर ही लगेंगे होर्डिंग्स
पाली. जिले में राजनीतिक दलों को चिह्नित स्थानों पर ही होर्डिंग्स लगाने होंगे। इसके लिए स्थान तय किए गए हैं। चयनित स्थानों पर होर्डिंग्स लगाने की अनुमति संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से लेनी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेशचन्द जैन ने बताया कि उपखण्ड स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जिन राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों को चयनित होर्डिंग्स का उपयोग करना है वे अपना प्रार्थना पत्र संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रस्तुत करेगें।

वाहनों पर नजर रखेगी एसएसटी
पाली. लोकसभा आम चुनाव 2019 के लिए एसएसटी की कार्रवाई मंगलवार से शुरू हो जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव के लिए एसएसटी का गठन हो गया है। यह वाहनों की संघन जांच करेगी। मतदान समाप्ति तक निर्धारित चैकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जाएगी तथा अवैध रूप से नकद एवं शराब अथवा अन्य कोई सामग्री ले जाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त
पाली. लोकसभा आम चुनाव 2019 के लिए जिले में दो व्यय पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेशचन्द जैन ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने जिले में दिव्या के.जे. एवं हीमानी धमीजा आइआरएस को व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
मंगलवार को शाम पांच बजे व्यय पर्यवेक्षक व्यय संबंधी कार्यों के लिए बैठक लेगी। जिसमें चुनाव व्यय प्रकोष्ठ में लगे अधिकारी व कर्मचारी सहित संबंधी व्यक्ति आदि भाग लेंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.