Breaking News
recent

दुकान से ज्यादा सामान फुटपाथ पर, सिकुड़ी सड़कों पर जाम के हालात

झालरापाटन. कस्बे में जाम सबसे प्रमुख और ज्वलंत समस्या बन गई है। आम से लेकर खास तक इससे परेशान हैं। लचर यातायात व्यवस्था, सिकुड़ती सड़कें और वाहनों के बढ़ते दबाव के आगे यातायात व्यवस्था आए दिन लडख़ड़ा रही है। अव्यवस्था के चलते प्रमुख बाजारों में बार बार जाम के हाल बन रहे हैं। इससे फंसे लोग इस परेशानी से जूझते नजर आ रहे हैं।
कस्बे के पीपली बाजार से चौपडिय़ा बाजार होकर सूर्य मंदिर तक तो वाहन रेंगते दिख रहे हैं, कई बार इस बदहाल यातायात व्यवस्था को लोगों ने उचितमंच पर उठाया भी है, लेकिन जिम्मेदारों का इस और ध्यान नहीं जा रहा है। इन दिनों शादी विवाह की खरीद शुरू होने से ग्रामीण इलाकों से सैकड़ों लोगों की आवाजाही बनी है, लेकिन वे भी बिगड़ी यातायात व्यवस्था से खासे खफा दिखाई दे रहे हैं। लोग अपनी मन मर्जी से आड़े-तिरछे वाहनों की पार्किंग कर रहे हैं।
फुटपाथ नहीं आए काम
प्रशासन ने बस स्टैण्ड से लेकर गिन्दौर दरवाजा, सूरजपोल दरवाजा होकर लंका दरवाजा तक सड़क के दोनों और फुटपाथ का निर्माण कराया था जो पैदल चलने वालो के काम नहीं आकर दुकानदारों के सामान रखने के काम आ रहे हैं। लोगों ने इन पर अतिक्रमण कर लिया है।
बाजारों में हालात बदतर
पीपली बाजार से चौपडिय़ा बाजार होकर सूर्य मंदिर, सूरजपोल दरवाजा व कसेरा बाजार, बस स्टैण्ड से गिन्दौर दरवाजा तक पैदल निकलना भी मुश्किल रहता है।
सीएलजी की बैठक में कई बार यह मुद्दा रखा, लेकिन बात आई गई हो गई। भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र स्थित बैंक शाखाओं के अपने स्तर पर ग्राहकों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने से इनके बाहर सबसे अधिक बाइक खड़़ी रहती हैं।
सड़कों पर दुकानें
दुकानदार आधी सड़कों तक पसरे हुए हैं, इन्हें कोई टोकता नहीं है। कभी कभार पुलिस या नगरपालिका का अतिक्रमण रोधी दस्ता जाता है, लेकिन वह भी शगुन के तौर पर कार्रवाई कर लौट जाता है। इसी का परिणाम है कि दुकानदार फुटपाथ छोड़कर सड़कों तक आ जमे हैं। इससे यातायात व्यवस्था खराब हो रही है, जब कोई इन्हें टोकता या कार्रवाई करता है तो वे भी झगड़े पर आमादा हो जाते हैं।
पार्किंग स्थल का क्यों नहीं करते उपयोग
द्वारिकाधीश मंदिर मार्ग पर हाथीखाना, एसटीसी स्कूल मैदान में अस्थाई स्टैण्ड संचालित किया जा सकते हैं, इससे इस संस्थाओं को आय भी होगी और बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों की यहां पार्किंग भी कर सकेंगे।
ठोस निर्णय नहीं
सड़कों से अतिक्रमण हटना और फिर लगना यहां के लिए आमबात है। प्रशासनिक तंत्र भी इस पर ठोस निर्णय नहीं ले पा रहा है, इसका खामियाजा जनमानस को भुगतना पड़ रहा है। जागरूक नागरिक राजेन्द्र शास्त्री ने बताया कि पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। पुलिसकर्मी कहते हैं यह हमारा काम नहीं है नगरपालिका का काम है। एक बड़ी गाड़ी आने पर जाम लग जाता है।
वहीं पूर्व अध्यक्ष व्यापार संघ मुरली मनोहर प्रजापति ने बताया कि चौपहिया वाहन आने के बाद सड़क पर जाम लगा रहता है। दिन के समय जाम की स्थिति बनी रहती है। शादी विवाह की खरीद से बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए व्यवस्था में सुधार होना जरूरी है।
---कस्बे में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हंै। ट्रेफिक पुलिस के जवानों के अलावा अन्य कांस्टेबल भी तैनात कर रखे हंै। मुख्य बाजार में पुलिस ने प्रयास भी किए हैं।
जगदीशप्रसाद, शहर थानाप्रभारी झालरापाटन

नीम का पेड़ गिरा, चार बाइक क्षतिग्रस्त
भवानीमंडी. बालाजी चौराहा के समीप रेलवे स्टेशन मार्ग पर दोपहर साढ़े तीन बजे नीम का पुराना पेड़ बीच सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने पर किसी को चोटे नहीं आई, लेकिन ४ बाइक दब गई। बालाजी चौराहा के समीप स्टेशन मार्ग की ओर पुराना नीम का पेड़ लगा था, जो अचानक गिर गया, जिससे मार्ग के दोनों ओर जाम की स्थिति हो गई। लोगों को रेलवे स्टेशन की ओर जाने के लिए जैन मंदिर चौराहा से लंबा चक्ेकर काट कर जाना पड़ा। इस मार्ग पर ट्रेफिक लोड बढऩे से बार-बार जाम की स्थिति रही।

सूखा दिवस पर शराब बेचते गिरफ्तार
बकानी. कस्बे में रात्रि 10 बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठेके के बाहर शराब बचते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि कोटा-भोपाल मेगा हाइवे 8 9 पर झालावाड़ रोड स्थित शराब की ठेके के सामने महावीर जयन्ती पर सूखा दिवस होने के बावजूद भी शराब बेच रहा था। इसी दौरान सीओ अतुल साहू वहां से गुजरे, उन्होंन गाड़ी रोक कर थाना प्रभारी को बुलाकर आरोपी की तलाशी ली, तो एक पेटी शराब बरामद हुई। इसी दौरान संदेह होने पर शराब की दुकान खुला कर निरीक्षण करने पर लाइसे
न्स के मुताबिक पूरा माल पाया। वहीं सूखा दिवस पर शराब बेचने के ओरापी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।


पाठ्य सामग्री महंगी बैचने का विरोध
भवानीमंडी. राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय शाखा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निजी विद्यालय द्वारा फीस बढ़ोतरी, किताबें व कॉपियां निर्धारित दुकान पर महंगे दामों पर बेचने के शिकायत की। अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने बताया कि निजी विद्यालय मनमानी फीस मांग रहे हैं, किताबें व कॉपियां, ड्रेस, बेल्ट निर्धारित दुकान से ही खरीदने के लिए अभिभावकों को पाबंद किया जा रहा है। निजी विद्यालयों को पाबंद कर अभिभावकों को राहत दे।

चंदन का पेड़ काट ले गए चोर
भवानीमंडी. आंवलीकलां पंचायत के गांव मेहंदियाखेड़ी गांव में खेत पर लगे चंदन के पेड़ को रात में चोर चुरा ले गए। इसकी रिपोर्ट पुलिस थाने में दी। सत्यनारायण आंजना ने बताया कि रात्रि के समय चोर खेत पर लगे चंदन पेड़ काट कर ले गए। चोरी की जानकारी उसे सुबह मिली।

हैंडपंप मिस्त्री के साथ हेल्पर का करें प्रबंध
झालरापाटन. हैंडपंप मिस्त्री संघ की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष घांसीलाल धाकड़ ने कहा कि जिले में हैंडपंप की संख्या के अनुपात में मिस्त्रियों की कमी है। इसके साथ ही राज्य सरकार व जिला प्रशासन की और से गर्मी में खराब हो रहे हैंडपंप की मरम्मत करने के लिए मिस्त्री के साथ हेल्पर का कोई प्रबंध नहीं कर रखा है, इससे ४ पंचायत क्षेत्र में एक अकेले मिस्त्री को हैंडपंप की मरम्मत अपने स्तर पर ही करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को हर मिस्त्री के साथ आधा दर्जन हेल्पर का प्रबंध करना चाहिए, अभी कई जगह ग्रामीणों का सहयोग लेना पड़ता है लेकिन अधिकांश जगह व्यवस्था नहीं हो पाती है, इससे अकेले मिस्त्री को जुझना पड़ रहा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.