Breaking News
recent

थ्री स्टार होटल में खाने, रहने व महंगे शौक पूरे करने के लिए करता है चोरियां

चूरू. रतननगर पुलिस ने एनएच ५२ पर चूरू के पास तिराहे पर ट्रेन-बसों में यात्रियों के मोबाइल-नकदी चोरी करने वाले शातिर चोर संदीप उर्फ मुरारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चुराए गए मोबाइल आर्थिक तंगी व ट्रेन में जेब कटने का बहाना करके दुकान पर बेच देता था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि वह चोरी के मोबाइल बेचने से मिली रकम व चुराई हुई नकदी से मंहगे थ्री स्टार होटल में खाना, रहना व अपने अन्य महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरियां करता है। पुलिस के मुताबिक रतननगर में वार्ड तीन निवासी हीरालाल ने गत दो अप्रेल को अपनी बाइक पुराना पावर हाउस में खड़ी थी। जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया।जांच में जुटी पुलिस ने एनएच ५२ पर राजगढ़ तहसील के गांव झूमली निवासी शातिर चोर संदीप उर्फ मुरारी (२६ ) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर आरोपी के कब्जे से चोर हुई बाइक जब्त कर ली। बाद में आरोपी की सूचना पर पुलिस थाना सदर बीकानेर व सदर थाना चूरू इलाके से चोरी हुई बाइक बरामद कर ली। आरोपी से अब तक तीन बाइक व दो महंगे एंड्रोयड मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। कार्रवाईमें रतननगर थाने के उप निरीक्षक रायसिंह, कांस्टेबल नवीन, मुकेश, धर्मेंद्र व सुरेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।


जयपुर व बीकानेर जेल में काट चुका सजा
शातिर चोर संदीप उर्फ मुरारी पुलिस थाना राजगढ़, कोतवाली चूरू में दर्ज मामलों में वांछित है। पुलिस थाना सिधमुख में सजा होने पर मई २०१४ से अक्टूबर २०१८ तक बीकानेर व जयपुर जेल में सजायाफ्ता रह चुका है।वर्तमान में कई थानों में वांछित चल रहा है।

चलती ट्रेन में चुराता यात्रियों के मोबाइल-नकदी
आरोपी अक्टूबर २०१८ में जेल से छूटने के बाद अब तक राजस्थान, गुजरात व हरियाणा में चलती ट्रेन से एसी डब्बे में यात्रा कर रहे यात्रियों से करीब ४०० मोबाइल व पांच लाख रुपए नकदी चोरी करना कबूल कर चुका है। आरोपी ने ट्रेन से चोरी करने के बाद यात्रा करने के लिए सूरत, जयपुर, बीकानेर, चूरू, झज्जर हरियाणा व गुजरात के विभिन्न स्थानों से करीब छह-सात बाइक चोरी करना कबूल किया है। आरोपी ट्रेन में चोरी के बाद रेलवे स्टेशन पर उतरकर स्टेशन के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर एक से दूसरे स्थान की यात्रा करता है। पैट्रोल खत्म होने पर बाइक को सुनसान जगह या रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर लावारिश छोड़कर चला जाता है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.