मंदिरों व घरों में गूंजे मां शेरावाली के जयकारे
शाकम्भरी, जमवाय व मनसा माता के मंदिरों में उमड़े श्रद्घालु
झुंझुनूं, अंचल में घट स्थापना के साथ चैत्र नवरात्र शुरू हो गए। जिले के उदयपुरवाटी स्थित मां शाकम्भरी व भौडक़ी स्थित जमवाय माता मनसा मंदिरों में दिनभर श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। वहीं झुंझुनूं शहर के विभिन्न मंदिरों में भी घट स्थापना के साथ नवरात्र शुरू हुए। गुढागौडज़ी. भोडक़ी गांव के जमवाय माता मंदिर मेें नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र महोत्सव शनिवार से शुरू हुआ। सचिव नेमीचंद जांगिड़ ने बताया कि माता की प्रतिमा की फूलमालाओं से सजावट की गई। मंहत रामनिवास के सानिध्य में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई। पण्डित कैलाश जोशी, श्रीकांत, रमाकांत आदि ने पूजा अर्चना की। सुबह की आरती में काफी महिला व पुरूषों ने हिस्सा लिया। पहले दिन मां के शैलपुत्री रूप की पूजा की गई। पण्डित विजयकुमार द्वारा दुर्गा सप्तशती के पाठ हुए। दुर दराज के भक्त दिनभर माता के दर्शनों के लिए आते रहे। कुछ श्रद्धालु ध्वज पताकाओं के साथ पैदल भी पहुंचे। समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि नवरात्रि के अंतिम तीन दिनों में मेला लगेगा जो कि मंदिर परिसर के सामने ही भरेगा। उधर बुगाला गांव के सिद्धी आश्रम में पण्डित भगवान सहाय के सानिध्य में अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना हुई। नरेश व महेंद्र शर्मा द्वारा मंगलपाठ शुरू किया गया। बावलिया बाबा मंदिर में भी शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई।
प्राचीन बांके बिहारीजी मंदिर में अखंड नवपारायण पाठ शुरू
बिसाऊ. कस्बे में शनिवार को जगह जगह घट स्थापना की गई। मंदिरों व घरों में शुरू हुए अनुष्ठान अगले नौ दिन तक चलेंगे। कस्बे के प्रांचीन बांकेबिहारी मंदिर में भी शनिवार को माता की पूजा शुरू होने के साथ ही रामचरित मानस के अखंड पाठ शुरू हुए है। पुजारी विनोद मिश्रा ने बताया कि नवपारायण पाठ करने के लिए दिन के 24 घंटे श्रद्धालुओं द्वारा अपनी बारी के अनुसार पाठ किया जाएगा। वहीं जगदम्बे की नौ दिनों तक अलग अलग यजमान पूजा करवाएंगे।
घट स्थापना, दुर्गा मंदिर में श्रद्धालु उमड़े
सूरजगढ़ कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार को चैत्र नवरात्र शुरु हुए। मंदिर व घरों में घट स्थापना की गई तथा दुर्गा मंदिरों में विशेष पूजा अनुष्ठान के कार्यक्रम हुए। मां भगवती ड्रोलिया मंदिर, मां शाकम्भरी मंदिर व वार्ड 8 स्थित दुर्गा मंदिर में विशेष अनुष्ठान व पूजा-पाठ के कार्यक्रम हुए। मंदिरों में स्थापित भगवती प्रतिमा का विश्ेाष श्रृंगार किया गया। वहीं मंदिरों में सुन्दर सजावट की गई है। नौ दिन तक चलने वाले विशेष कार्यक्रम के तहत रात्रि में भजनों के कार्यक्रम भी होंगे। घट स्थापना के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए भीड़ जुटने लगी है।
मनसा माता मंदिर में नवरात्र शुरू
पचलंगी. चैत्र नवरात्र के अवसर पर शनिवार को घर व मंदिरों में घट स्थापना हुई। इसी क्रम में क्षेत्र के मणकसास के खोह स्थित मालखेत पर्वत पर चैत्र नवरात्र के अवसर पर मनसा माता मंदिर में मेले का आयोजन शुरू हुआ। शनिवार को घट स्थापना के साथ चैत्र नवरात्र शुरू हुए। मालकेत पर्वत पर स्थित मानसा माता मंदिर में क्षेत्र के भक्तों के अलावा प्रवासी भक्त मंदिर में पहुंच कर जात जड़ूले करते हैं। मंदिर व्यवस्थाओं में लगे रविन्द्र शर्मा ने बताया नवरात्र के प्रथम दिन माता की विशेष पूजा अर्चना हुई। इसी क्रम कस्बे में स्थित महाकंवरी शक्तिपीठ, काटली नदी तट पर स्थित बुगला वाले बालाजी, झड़ायानगर स्थित बालाजी धाम, कालिया दह धाम, मणकसास के डोडी वाले बालाजी में भी चैत्र नवरात्र शुरू हुए।
गांगियासर में कलश यात्रा के साथ देवी भागवत शुरू
बिसाऊ. गांगियासर के रायमाता मंदिर में चैत्र नवरात्र के शुभारम्भ पर घट स्थापना के साथ सहस्त्र चण्डी महायज्ञ व श्रीमद देवी भागवत कथा का आयोजन शुरू हुआ। कथा से पूर्व गांव के शक्ति मंदिर से 251 महिलाओं ने सर पर कलश लेकर तथा युवकों ने लाल रंग की ध्वज पताकाओं को लिए बैंड बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। मंदिर परिसर में धनबाद प्रवासी संतोष अग्रवाल परिवार के यजमानत्व में सहस्त्र चण्डी महायज्ञ प्रारम्भ हुआ। दोपहर बाद मंदिर के गेस्ट हाउस में श्रीमद भागवत कथा शुरू हुई।






No comments:
Post a Comment