Breaking News
recent

लवाजमे के साथ सवारी निकाली, गणगौर मेले में उमड़ी भीड़

लालसोट. गणगौर की सवारी दूसरे दिन मंगलवार शाम बैण्डबाजों, लवाजमों एवं विभिन्न पहलवानी करतबों के साथ निकाली गई। गणगौर मेले स्थल पर सैकड़ों लोगो एवं महिलाओं की भीड बनी रही। इसके बाद गणगौर जवाहर गंज दंगल स्थल पर विराजमान की गई। जहां हेलाख्याल संगीत दंगल की शुरुआत भी हुई। मंगलवार शाम नगरपालिका से बूढ़ी गणगौर की सवारी बैण्डबाजों के साथ भारी लवाजमे के साथ रवाना हुई। इसमें हिण्डौन सिटी का बैण्ड भी शामिल रहा। जमात अखाड़े के पट्टे बाज अपने करतब तलवार बाजी, तीरंदाजी, पेश करते हुए सवारी के आगे चल रहे थे।

 

 

निर्मोही अखाड़ा कोटा के कलाकारों ने करतब दिखाकर लोगों का मन मोह रहे थे। नाचने वाली घोड़ी, अलगोजा पार्टी सहित अन्य कलाकार भी लवाजमे के साथ थे। जो प्रमुख बाजारों एवं सडक मार्गो से होती हुई मेले स्थल पर पहुंची। जहां गणगौर को ढोड़ी पर विराजमान की गई। मेले स्थल पर रंगारंग आतिशबाजी की गई।

 

 

हेला ख्याल संगीत दंगल समिति के अध्यक्ष सोनू बिनौरी, पालिकाध्यक्ष जगदीश सैनी, अशोक चौधरी, बालमुकुन्द शर्मा, भागचंद सैनी, पूर्व चैयरमेन दिनेश मिश्रा, प्रेम चौधरी, शिवशंकर जोशी, समिति के पदाधिकारी, पार्षद, र्मचारी एवं प्रबुद्ध नागरिक थे। गणगौर की सवारी देखने के लिए प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं घरों, दुकानों के ऊपर छतों पर महिलाओं एवं लोगों का हुजूम लगा रहा। मेले में पतासी, चाट पकौड़ी, आइस्क्रीम, मिट्टी के बर्तन, लकड़ी के सामान, शृंगार सामग्री, खिलौने गुब्बारे आदि की दुकानों पर लोगो की भीड़ बनी रही। गणगौर मेला देर रात तक जारी रहा।

 

 

जवाहरगंज परिसर में गणगौर की सवारी को विराजमान कर फूल बंगला झांकी सजाई गई। बाजारों में रंगोली मांडकर गणगौर की सवारी का स्वागत भी किया गया। शहर में कई स्थलों पर ठण्डे पानी की व्यवस्था के लिए प्याऊ लगाई गई। बाजारो में छाया के साथ रोशनी की गई। दंगल सुनने के लिए बाजारो व सडक मार्गो पर लाउडस्पीकर की व्यवस्था की गई। (नि.सं.)

 


मण्डी बन्द रहेगी आज


लालसोट. शहर स्थित नई मण्डी में बुधवार को व्यापारी एवं पल्लेदार अवकाश रखेंगे। ग्रेन मर्चेण्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नवल झालानी ने बताया कि गणगौर पर्व पर हेलाख्याल संगीत दंगल के चलते मण्डी में बुधवार को अवकाश रखा गया है। इसके चलते कृषि जिन्सों की नीलामी कार्य स्थगित रहेगी।(नि.सं.)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.