-जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक का सुबह दस बजे तक नहीं खुला ताला
-बाबूजी व कार्मिक बैठे रहे चतुर्थश्रेणी कर्मचारी के इंतजार में
पाली। शिक्षा विभाग में कर्म व स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जाता है, लेकिन जिस जगह पर विभाग के अधिकारी बैठते हैं, वहां इन दोनों बातों से किसी को कोई सरोकार नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक के कार्यालय में साढ़े नौ बजे कार्यालय का समय होने पर बाबूजी और कार्मिक पहुंच गए, लेकिन कार्यालय का ताला तक नहीं खुला था। इस बीच जो लोग किसी कार्य से जिला शिक्षा अधिकारी या अन्य कार्मिकों के पास आए थे। उनको भी बाहर ही ताला खुलने का इंतजार करना पड़ा। इसके करीब आधे घंटे बाद 10 बजे चतुर्थश्रेणी कर्मचारी पहुंचा तो कार्यालय का ताला खोला गया तो कर्मचारी अपने कक्ष में गए और कार्य शुरू किया।
बहाना बनाया चुनाव का
कार्यालय के समय पर नहीं खुलने के बारे में पूछने पर जिला शिक्षा अधिकारी के साथ अन्य अधिकारियों ने बताया कि वे जयपुर मीटिंग में हैं। वैसे कार्यालय समय पर खुल जाता है। अभी शायद चतुर्थश्रेणी कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगे होंगे। इस कारण कार्यालय का ताला देरी से खोला गया होगा। जबकि हकीकत यह है कि कार्यालय में दो-दो विभाग के चतुर्थश्रेणी कर्मचारी कार्यरत है।
कार्यालय में पसरा कचरा
जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक कार्यालय में सफाई तक नहीं करवाई जा रही है। इसका पता कार्यालय परिसर में पसरी सूखे पत्तों और कचरे से लगाया जा सकता है। कार्यालय परिसर में घूसते ही चारों तरफ सूखे पत्तों के ढेर लगे है। जबकि पीछे की तरफ तो कचरा तक पड़ा है। इस बारे में कार्यालय में पूछने पर जवाब मिला सफाईकर्मी को नियुक्त किया हुआ है, लेकिन वह आता नहीं है। यह जिम्मेदारी नगर परिषद है।
दो कार्यालय है भवन में
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रारम्भिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारी बैठते है। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भी बैठते हैं। इसके साथ ही समसा (समग्र शिक्षा अभियान) का कार्यालय भी इसी भवन में है। जिनके अलग-अलग चतुर्थश्रेणी कर्मचारी है।
कार्यालय का समय सुबह साढ़े नौ बजे
कार्यालय का समय साढ़े नौ बजे का है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी साढ़े नौ बजे तक आते हैं। मैं तो हाइकोर्ट की पेशी पर गया था। इस कारण सोमवार का पता नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की चाबी एलीमेंट्री के चतुर्थश्रेणी कर्मचारी के पास रहती है। -प्रकाश सिंघाडिय़ा, एडीपीसी, रमसा





No comments:
Post a Comment