-एसडीएम ने किया निरीक्षण
सूरतगढ़. गेहूं, सरसों एवं चने की सरकारी खरीद सोमवार को विधिवत रूप से शुरू होगी। एसडीएम रामावतार कुमावत ने रविवार को नई धानमण्डी, रामसरा जाखड़ान व भगवानगढ़ विनायक उपमण्डी यार्ड का निरीक्षण किया तथा कृषि जिंसों की खरीद के लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम रामावतार कुमावत ने रविवार को नई धानमण्डी में स्थित नई धानमण्डी में शैड नम्बर एक में सरसों व चने की सरकारी खरीद के लिए स्थापित खरीद केन्द्र पहुंचे। यहां सरसों व चने की सरकारी खरीद सोमवार से शुरू होगी। उन्होंने क्रय विक्रय सहकारी समिति के प्रबंधक गिरधारीलाल सहारण को निर्देश दिए कि मण्डी में मुख्य गेट पर ही कन्ट्रोल रुम स्थापित कर कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई जाए। ताकि सरसों व चने के विक्रय के लिए आने वाले किसानों को टोकन नम्बर का मिलान व रसीद की व्यवस्था यही से उपलब्ध हो जाए। किसानों को बार बार क्रय विक्रय सहकारी समिति कार्यालय के चक्कर ना काटने पड़े।
इसके अलावा सभी कर्मचारी आईडी गले में लगाने के भी निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि खरीद केन्द्र पर दिनभर की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो, इसकी सीडी भी बनवाकर एसडीएम कार्यालय में भेजी जाए। इसके अलावा खरीद केन्द्र पर चौकीदार लगाने, खरीद केन्द्र पर चेतावनी साइन बोर्ड लगाने की भी हिदायत दी। एसडीएम ने कृषि उपज मण्डी समिति सचिव नवीन गोदारा को शैड के आगे व पीछे की तरफ लाइटिंग की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने धानमण्डी में ही क्रय विक्रय सहकारी समिति कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
इसमें इलेक्ट्रोनिक कांटो का भी जायजा लिया। क्रय विक्रय सहकारी समिति के प्रबंधक गिरधारीलाल सहारण ने एसडीएम को बताया कि सरसों के लिए आठ सौ बैग मौजूद है। जबकि कोलकत्ता से चालीस हजार बैग देर रात तक यहां पहुंच जाएंगे। पांच किसानों के टोकन मिल चुके हैं। इनके कृषि जिंस की खरीद सोमवार की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार प्रदीप चाहर, कृषि उपज मण्डी समिति सचिव नवीन गोदारा, क्रय विक्रय सहकारी समिति के कैशियर धर्मवीर आदि मौजूद रहे।
-यहां भी किया निरीक्षण
एसडीएम ने भगवानगढ़ विनायक उपमण्डी यार्ड व रामसरा जाखड़ान केन्द्र का भी जायजा लिया। रामसरा जाखडऩ केन्द्र में गेहूं तथा भगवानगढ़ में सरसों, चना व गेहूं की सरकारी खरीद होगी। यहां भी एसडीएम ने खरीद कार्य के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं रखने के लिए निर्देश दिए।





No comments:
Post a Comment