- गीत, संगीत व नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
प्रतापगढ़. सामाजिक समरसता के प्रेरणा स्त्रोत एवं संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की 128 वीं जयंती समरसता, समानता, एकता और बधुत्व के भाव से मनाई गई। मुख्य समारोह शहर के चित्तौड़ रोड स्थित अम्बेडकर सर्कल पर हुआ। कार्यक्रम में गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से डॉअम्बेडकर के जीवन दर्शन को प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्यामसिंह राजपुरोहित ने अध्यक्षता की। जिला पुलिस अधिक्षक अनिल बेनीवाल मुख्य अतिथि थे। उपवन संरक्षक संग्राम सिंह, जिला परिषद के सीईओ वीसी गर्ग, अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाललाल स्वर्णकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय गुप्ता, उप खण्ड अधिकारी विनोद मल्होत्रा, तहसीलदार प्रवीण मीणा और जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ राधेश्याम कच्छावा आदि मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अम्बेडकर विचार मंच के सदस्यों और उपस्थित गण मान्य नागरिकों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
स्वागत भाषण करते हुए डॉ मोहन लाल मेघवाल ने बाबा साहेब के सामाजिक समरसता दर्शन की वर्तमान काल में आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उपखंड अधिकारी विनोद मल्होत्रा ने संविधान निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब की भूमिका का वर्णन किया। युवाओं का स्वाभिमान, शौर्य और साहस के साथ समभाव से राष्ट्र की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया। इस बीच बी बॉयज ग्रुप की ओर से ‘संविधान हमारी शान है’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। संगीत शिक्षक पुष्कर कुमावत, वादक दीपक के साथ सुरेन्द्र सुमन, गिरवर सुमन, शैलेष मेहता, मुकेश सुमन, संजय मेहता, ललिता जैन, यशोदा सोनी, राजेन्द्र जोशी, ओमप्रकाश देव और दशरथ पालिवाल आदि ने ‘लोकतंत्र रो आयो है त्यौहार वोट देवा चालो रे’ मतदान जागरूकता गीत गाया।
इस बीच एसडीएम विनोद मल्होत्रा द्वारा रचित एवं निर्देशित मतदाता जागरूकता से सम्बंधित नुक्कड़ नाटक का मंचन बी बॉयज ग्रुप के बाल कलाकारों ने किया। जिला कलक्टर श्यामसिंह राजपुरोहित ने बाबासाहेब के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारिया देते हुए बौद्ध दर्शन के आदर्श वाक्य ‘आत्म दीपो भव’ का विस्तार से विश्लेषण किया। इससे पूर्व राज्यस्तरीय प्रशिक्षक विक्रम कोठारी व सहयोगी प्रकाश सालवी ने ईवीएम-वीवीपैट मशीन द्वारा होने वाली चुनाव प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। अंत में बीआर अम्बेडकर मंच के जिलाध्यक्ष सावन चनाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन सुरेन्द्र सुमन ने किया।





No comments:
Post a Comment