नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इन दिनों राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले रियान पराग काफी सुर्खियों में बने हुए हैं। 17 साल के रियान जब चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरे तभी से वो लगातार सुर्खियों में बने हैं। मैच के बाद उन्होंने चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी के साथ एक तस्वीर क्लिक करवाई जो काफी वायरल हुई। दरअसल, रियान पराग एक पुरानी तस्वीर को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं और वो तस्वीर लगभग 10 या 11 साल पुरानी थी, जिस समय धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना शुरु ही किया था और उस समय रियान पराग 6-7 साल के थे। बचपन में रियान धोनी के जबरदस्त फैन थे।
रियान के पिता पराग थे धोनी के फर्स्ट क्लास क्रिकेट के पहले शिकार
अब रियान पराग 17 वर्ष की उम्र में IPL में धोनी के खिलाफ खेल रहे हैं। इसके अलावा एक रोचक किस्सा और सामने आया है, जो रियान पराग और धोनी से ही जुड़ा हुआ है। दरअसल, धोनी ने जनवरी 2000 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। धोनी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट बिहार के लिए खेलना शुरु किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में धोनी ने अपना सबसे पहला शिकार रियान पराग के पिता पराग दास को किया था। धोनी ने पराग दास को स्टंप आउट किया था। हैरानी वाली बात ये है कि उस समय रियान पराग का जन्म भी नहीं हुआ था। इसके अलावा धोनी और पराग दास ने एक साथ एक टीम के लिए भी क्रिकेट खेला है। पराग दास और धोनी रेलवे के लिए क्रिकेट खेला करते थे।
रियान ने अपने पिता से ही ली है क्रिकेट की कोचिंग
आपको बता दें कि रियान पराग के पिता पराग दास भी क्रिकेटर रह चुके हैं। वो असम और रेलवे के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं। रियान का परिवार गुवाहटी का ही रहने वाला है। रियान को कोचिंग देने वाले उनके पिता ही हैं। रियान पराग की मां मिट्ठू बरुवा स्विमिंग चैंपियन थी। रियान के बाजुओं में काफी ताकत है। उन्हें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और वेटलिफ्टिंग काफी पसंद है। रियान पराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाऊंट पर वेटलिफ्टिंग के कई वीडियो पोस्ट किए हैं, जिसमें वो 100 किलो वजन उठाते हुए दिख रहे हैं।
IPL में देखने को मिल रहा है रियान पराग का जलवा
अब आईपीएल में रियान पराग अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर चुके हैं। कल के मैच में भी रियान ने सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए 31 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन की पारी खेली थी। इससे पहले भी 2 मैचों में रियान मैच विनिंग पारियां खेल चुके हैं। आपको बता दें कि आईपीएल से पहले रियान पराग 2018 में अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा अंडर 19 टेस्ट सीरीज में भी रियान टीम का हिस्सा थे।





No comments:
Post a Comment