Breaking News
recent

video जिंस बेचने आ रहे किसानों को छाया-पानी की दरकार

सवाईमाधोपुर. चिलचिलाती धूप। पसीने में लथपथ किसान। ना छाया के प्रबंध और ना ही ठंडे पानी की सुविधा। कुछ ऐसे ही हालात जिले में संचालित खरीद केन्द्रों के बने हैं। मण्डी प्रशासन की अनदेखी से जिले में संचालित खरीद केन्द्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। यही कारण है कि आस-पास के गांव से आने वाले सैकड़ों किसानों को खुले आसमान तले भीषण गर्मी में उपज बेचना पड़ रहा है।
दरअसल, इन दिनों भारतीय खाद्य निगम की ओर से समर्थन मूल्य पर गेहूं एवं राजफैड के माध्यम से सरसों-चने की खरीद हो रही है, लेकिन कई केन्द्रों पर अव्यवस्थाएं बनी है। मण्डी प्रशासन की अनदेखी से एकाध खरीद केन्द्रों को छोड़कर कहीं पर भी छाया व ठंडे पानी के इंतजाम नहीं है। ऐसे में भीषण गर्मी में तुलाई के लिए आने वाले किसानों व पल्लेदारों को परेशानी हो रही है।

यहां तो महज खानापूर्ति
चौथ का बरवाड़ा में पंचायत समिति मार्ग पर चना-सरसों खरीद केन्द्र संचालित है, लेकिन मण्डी प्रशासन की अनदेखी से छाया-पानी व बिजली के कोई इंतजाम नहीं है। यहां एक अप्रेल से खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई थी।मण्डी प्रशासन ने टेंट लगाकर खानापूर्ति तो कर दी, लेकिन ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। गत दिनों आए अंधड़ में टैंट उड़कर दूर जा गिरा था, लेकिन अब तक उसकी सार-संभाल नहीं की गई है।

ठंडे पानी को तरसे
मंडी में आस-पास के करीब सैकड़ों गांव के किसान अपनी उपज बेचने आते हैं, लेकिन पेयजल व्यवस्था के नाम पर अपर्याप्त इंतजाम है। भीषण गमी में केन्द्रों पर ठंडे पानी के लिए प्याऊ तक नहीं लगवाई है। किसानों को परेशानी हो रही है।

-खरीद केन्द्र पर छाया की कोई सुविधा नहीं है। कुछ दिन पहले एक छोटा सा टैंट लगाया गया था, लेकिन अंधड़ से उड़ गया। यहां छाया की सुविधाएं होनी चाहिए।
उमाशंकर मीना, किसान बंदेडिय़ा

खरीद केन्द्र स्थल पर ठंडे पानी के प्रबंध नहीं है। भीषण गर्मी में पानी के लिए इधर-उधर पेयजल के लिए भटकना पड़ता है। किसानों की सुविधा की दृष्टि से पेयजल के इंतजाम होने चाहिए।
गौरीशंकर गुर्जर, किसान, जगमोदा

इनका कहना है
जिले में संचालित खरीद केन्द्रों पर जहां टैंट फट गए हैं, वहां टैंट की व्यवस्था कराई जाएगी। कुछ केन्द्रों पर ठंडे पानी की सुविधा है, जहां भी ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं है। वहां मटके रखवाए जाएंगे।
रामपाल शर्मा, सचिव, कृषि उपज मण्डी, सवाईमाधोपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.