Breaking News
recent

VIDEO: ‘हमराह’ में खुशनुमा हुई सुबह, शहरवासियों ने दिखाया उत्साह

पत्रिका के स्वच्छ करो राजनीति और मतदाता जागरुकता अभियान पर चर्चा
लोगों ने उत्साह से लिया भाग
प्रतापगढ़. कहीं लोग सामूहिक योग प्राणायाम कर रहे थे तो कहीं गीत संगीत का आनंद लिया जा रहा था। एक तरफ पार्क में आने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही थी तो दूसरी तरफ फीजियोथैरेपिस्ट लोगों को जोड़ो के दर्द, घुटनों के दर्द आदि को दूर करने के लिए एक्ससाइज बता रही थी। बच्चे बैडमिंटन खेल रहे थे। कुछ बॉल से खेल रहे थे। ये नजारा था शहर के चित्तौड़ रोड स्थित टैगोर पार्क में रविवार सुबह का। यह खुशनुमा सुबह बहुत खास रही। यहां राजस्थान पत्रिका की ओर से उमंग, उल्लास और ऊर्जा की तरंगे बिखेरते हुए फन एवं हैल्थ एक्टिविटी ‘हमराह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ओपन थीम आधारित था, यानि शहरवासियों के लिए कोई पाबंदी नहीं थी। वे आकर अपनी मनपसंद की एक्टिविटी में भाग ले रहे थे। पार्क में सुबह सात बजे से लोगों को आना शुरू हुआ और नौ बजे तक वे विभिन्न एक्टिविटीज में भाग लेकर हमराह बनते रहे।
इसमें लोगों ने कई क्रिएटिव एक्टिविटी की। फन एवं हैल्थ के इस कार्निवाल में सभी के लिए फ्री एंट्री रखी गई थी। जिसमें छोटे से छोटे बच्चों और युवा से लेकर बुजुर्ग सभी ने विभिन्न एक्टिविटीज में भाग लिया।

ये एक्टिविटीज रही खास
दो घण्टे में कई एक्टिविटीज हुई जिसने लोगों को तरोताजा कर दिया। इसमें वॉकिंग, जॉगिंग के साथ पारंपरिक खेलों का रोमांच रहा। इसमें गीत संगीत का आयोजन हुआ। संगीत प्रशिक्षण संस्थान स्वरांकुर के बच्चों ने गाने गाये। पतंजलि योग समिति के योग प्रशिक्षक तरूणदास बैरागी ने योगाभ्यास कराया। बैरागी ने बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश में अम्बेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक समरता का प्रचार प्रसार करना चाहिए। जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राधेश्याम कच्छावा, उप नियत्रंक डॉ ओ पी दायमा सहित चिकित्सा स्टाफ ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। फीजियोथैरेपिस्ट ने भी अपनी सेवाएं दी। हमराह में नन्हें मुन्ने बच्चों की भी भागीदारी रहे। कुछ बैडमिन्टन खेलते नजर आए तो कुछ पार्क में लगे झूलों का आनंद लेते रहे।
मतदान की शपथ
लोकतंत्र के अपनी अपनी सहभागिता निभाते हुए हमराह में आए लोगों ने स्वच्छ राजनीति करने का संकल्प लिया। लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लोगों ने राजनीति में स्वच्छता को बढ़ावा देने और मतदाता जागरुकता के लिए प्रयास करने की बात कही। वहीं लोगों ने चुनाव में ईमानदार, समझदार व जवाबदेह जनप्रतिनिधि चुनने पर सहमति जताई।
कराई स्वास्थ्य की जांच
कार्यक्रम के दौरान पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई। बड़ी संख्या में लोग जांच कराने पहुंचे। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ ओ पी दायमा और नसिंग कर्मी केशव सहित चिकित्सा स्टाफ ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। चिकित्सा टीम ने लोगों के वजन, रक्तचाप और मधुमेह आदि बीमारियों की मौके पर ही जांच कर बेहतर स्वास्थ्य के लिए लोगों को परामर्श दिया। फीजियोथैरेपिस्ट ने भी अपनी सेवाएं दी।
उत्साह से किया योग
कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने योग प्राणायाम किया। पतंजलि योग समिति के योग प्रशिक्षक तरूणदास बैरागी ने योगाभ्यास कराया। बैरागी ने सूक्ष्म व्यायाम और सूर्य नमस्कार के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने का मंत्र दिया। इसके बाद भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम सहित अन्य प्राणायाम करवाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित रूप से योग प्राणायाम करना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी योग प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में उतारने की बात कही।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.