लक्ष्मणसिंह राठौड़ @ राजसमंद
बिना उपयोगिता तय किए नगरपरिषद द्वारा आनन फानन में पांच ई रिक्शा खरीद कर जनता के लाखों रुपए डूबो दिए। महिलाओं के सुगम सफर के लिए खरीदे ई रिक्शा चलाने के लिए न तो रूट तय किए और न ही संचालन की योजना बनी। इसके चलते छह माह से ई रिक्शा फायर स्टेशन पर धूल फांक रहे हैं, जिसके सुचारू संचालन का उद्देश्य अभी तक स्पष्ट नहीं है।
दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत नगरपरिषद द्वारा करीब छह लाख की लागत से पांच ई रिक्शा खरीद कर 5 अक्टूबर 2018 से महिलाओं के सुगम आवागमन के लिए संचालन शुरू किया। रिक्शा का संचालन के न तो रूट तय किए गए और न ही किराए की गाइडलाइन स्पष्ट हो पाई। शहर से जिला चिकित्सालय तक बीमार महिलाओं के नि:शुल्क आवागमन संचालन का दावा किया, जबकि उद्घाटन के दौरान आधे किराए में राजसमंद शहर में महिलाओं का आवागमन होना बताया, लेकिन आज तक ई रिक्शा संचालन की गाइडलाइन स्पष्ट नहीं हो पाई। इसके चलते 5 अक्टूबर 18 से ही पांचों ई रिक्शा जिला फायर स्टेशन पर खड़े हैं, जो धूल फांक रहे हैं। इस योजना में यह भी शर्त है कि इन ई रिक्शा को महिला चालक ही चलाएंगी।
केवल उद्घाटन के दौरान चले
राजसमंद शहर में ई रिक्शा का संचालन 5 अक्टूबर 18 को केवल उद्घाटन के दौरान ही चले। उद्घाटन तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी द्वारा किया गया था और उसी दिन एक ई रिक्शा आवरी माता मंदिर के पास पलट गया, जिसका कांच फुट गए। तब से सभी रिक्शा फायर स्टेशन खड़े करवा दिए, जहां आज तक खड़े हैं और संचालन नहीं हो सका।
बूंदी में ठेके पर चले थे रिक्शा
बूंदी में 2 जून 2017 को नगरीय निकाय द्वारा ई रिक्शा का संचालन ठेके पर किया गया। करीब पन्द्रह माह तक शहर से अस्पताल तक बीमार महिलाओं को मुफ्त में लाने व ले जाने के लिए लगाया गया। फिर नया टेंडर नहीं होने से बंद हो गए।
नहीं मिल रहे महिला चालक
ई रिक्शा शहर से अस्पताल तक महिलाओं को मुफ्त आने-जाने की सुविधा के लिए चलाए हैं। महिला चालक भी नहीं मिल पा रहे हैं। अब टेंडर निकाल जल्द इनका संचालन शुरू करेंगे।
सुरेश पालीवाल, सभापति नगरपरिषद
जनहित में करेंगे संचालन
पांच ई रिक्शा पहले खरीदे हुए हैं। अब उनका जनता के हित में उचित संचालन किया जाएगा, ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा मिले।
जनार्दन शर्मा, आयुक्त नगरपरिषद राजसमंद
जनता के पैसो का दुरुपयोग
बिना कार्ययोजना के ई रिक्शा खरीद कर जनता के पैसो का दुरुपयोग किया। महिलाओं के लिए पूरे शहर में नि:शुल्क संचालन का प्रचार प्रसार किया था। अब शहर से अस्पताल तक चलाने की बात झूठी है।
अशोक टांक, नेता प्रतिपक्ष नगरपरिषद राजसमंद





No comments:
Post a Comment