Breaking News
recent

निजी बस संचालकों की मनमानी, अकेली महिला यात्री को 10 किमी दूर बीच राह उतारा

गुड़ामालानी/बाड़मेर. क्षेत्र में आए दिन निजी बस संचालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। गुड़ामालानी निवासी एक महिला यात्री को निजी बस परिचालक ने गुड़ामालानी की बजाय 10 किलोमीटर दूर बीच राह में ही उतार दिया। इसके बाद महिला किसी तरह अपने घर पहुंची। इसको लेकर परिजन ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार गुड़ामालानी निवासी सावित्री अग्रवाल रविवार को बालोतरा से एक निजी बस में गुड़ामालानी के लिए रवाना हुई। बस परिचालक ने उसे गुड़ामालानी कस्बे छोडऩे की बात कह कर अकेली महिला यात्री को सीट पर बिठा दिया। गुड़ामालानी चौराहे के अहिंसा सर्कल पर परिचालक उसे कस्बे में स्टैंड तक जाने की बात कहते हुए सीट पर बैठने को कहा। बाद में बस कस्बे की बजाय रामजी का गोल की और बढ़ी तो महिला यात्री ने परिचालक से उसे गुड़ामालानी उतारने व कई बार बस रुकवाने की कोशिश की, लेकिन उसने एक नहीं सुनी और गुड़ामालानी से 10 किलोमीटर दूर बीच रास्ते उतार दिया। इधर महिला के परिजन कस्बे में उसका इंतजार करते रहे। बाद में अन्य वाहन में बैठकर वह जैसे-तैसे गुड़ामालानी पहुंची और परिजन को आपबीती सुनाई। परिजन नवीन मोदी ने इसकी शिकायत गुड़ामालानी विधायक व थानाप्रभारी से कर कार्रवाई की मांग की।

 

आए दिन होते हैं विवाद
निजी बस संचालकों की मनमानी के चलते कस्बे में पहले भी कई बार यात्रियों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी है। जोधपुर-सांचौर के बीच संचालित निजी बसों में बस संचालक अधिक सवारियां उठाने के चक्कर में यात्रियों को बीच राह उतारना, अधिक किराया वसूलना आम बात हो गई है। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुए, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

 

बिना रूट हो रहा संचालन
कस्बे से होकर लंबे समय से बिना रूट परमिट के निजी बसों का संचालन हो रहा है। लम्बे समय से कार्रवाई के अभाव में निजी बस संचालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। जोधपुर- सांचौर सड़क पर एक बस रूट परमिट पर पांच से सात निजी बसों का संचालन हो रहा है। इसको लेकर लम्बे समय से ना तो पुलिस कार्रवाई कर रही है, ना ही परिवहन विभाग।

 

मौखिक शिकायत
मामले की मौखिक शिकायत मिली थी। बस परिचालक को पाबंद किया है। आगे से यात्रियों के साथ ऐसा नहीं हो, इसके लिए पाबंद करेंगे।- प्रेमाराम चौधरी, थानाप्रभारी, गुड़ामालानी



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.