चूरू. अंचल में सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे मौसम का मिजाज बदल गया। काली घटाएं छा गई और बूंदाबांदी शुरू हो गई तथा कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। जिला मुख्यालय पर करीब 30 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी आई। आंधी के कुछ ही देर में मेघ गर्जना व बिजली की गडग़ड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। वहीं सादलुपर तहसील के गांव लुटाना पूर्ण में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में चरने गई 45 बकरियों की मौत हो गई। इसके अलावा कई स्थानों पर ओले भी पड़े। कहीं मध्यम दर्जे के तो कहीं हल्के ओले पड़े। जिला मुख्यालय पर साढ़े चार बजे से तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि अधिकतम तापमान में खास गिरावट नहीं रही लेकिन शाम को मौसम सुहावना हो गया। ओलों के पडऩे से चली हवा से मौसम में नमी आ गई। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42.8 व न्यूनतम 26.1 डिग्री दर्ज किया। जिला मुख्यालय पर करीब 9.4 एमएम बारिश हुई और करीब तीन से पांच मिनट तक चने के आकार में कहीं हल्के तो कहीं मध्यम दर्जे के ओले पड़े।
सादुलपुर. गांव लुटानापूर्ण में बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था लेकिन सोमवार शाम भगवान इस कदर कहर ढाया कि उसकी जीविका उजड़ गई। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने के उसकी 45 बकरियां मौत के मुह समा गई। अब इसके लिए रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया। वहीं गांव में एक विद्युत पोल पर भी आकाशीय बिजली गिरी जिसके कारण विद्युत तार टूट कर जमीन पर गिर पड़े लेकिन बड़ी अनहोनी टल गई। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता लिखमाराम चोपड़ा तथा नवीन कुमार ने बताया कि गांव का ही रतनसिंह धानक बकरियां चरा कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसके पास कुल 45 बकरियां थी। रतन सभी बकरियों को लेकर सुबह खेतों में चला गया। शाम चार बजे लगभग धूल भरी आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने लगे तो वह सभी बकरियों को खेत में बने एक छपरे में बंद कर दिया तथा बारिश रुकने का इंतज़ार करने लगा। शाम साढ़े छह बजे लगभग बारिश तेज हो गयी एवं ओले गिरने लगे तभी अचानक छपरे के पास स्थित एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गयी तथा तेज धमाके के साथ छपरे के परखच्चे उड़ गए तथा छपरे में बंद सभी 45 बकरियों की मौत हो गयी। घटना के बाद पशुपालक के सामने अंधेरा छा गया। जैसे-तैसे ग्रामीणों को सूचना दी तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि तेज धमाके के डर और भय के कारण सभी बकरियों की मौत हो गयी। घटना के दौरान साथ में उसका सुभाष घबरा गया, मामूली झुलस भी गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। चोपड़ा ने बताया कि घटना के बाद गांव में ही एक विद्युत पोल पर बिजली गिर गयी एवं तार टूट कर जमीन पर गिर गए। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ है।
सांखू फोर्ट. क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। गत तीन-चार दिनों पड़ रही तेज गर्मी के बाद दोपहर करीब दो बजे छाए बादलों से मौसम सुहावना हो गया। आमजन को गर्मी से राहत मिली।
मौसम सुहावना
रतनगढ़. कस्बे में सोमवार शाम करीब चार बजे से आधा घंटे तक हुई मध्यम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इससे पहले दिनभर पड़ी भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली।
गर्मी से राहत
तारानगर. क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई। बारिश से पहले हल्की आंधी आई। आंधी के बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। जिससे क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। समाचार लिखे जाने तक रूक-रूक कर वर्षा का क्रम जारी था।
बीदासर. कस्बे में शाम करीब छह बजे हल्की बारिश हुई। बारिश के दौरान पांच-सात मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे। इससे चारों तरफ ओलों की सफेद चादर सी बिछ गई। बारिश होने से लोगों को गर्मीसे राहत मिल गईऔर मौसम सुहावना हो गया।
गांवों में गिरे ओले
सरदारशहर. सोमवार शाम को कस्बे में हल्की बारिश हुई। वही ग्रामीण क्षेत्र में कई गांवों में बारिश के साथ ओले गिरने के समाचार मिले है। बारिश एवं ओले गिरने से आमजन को गर्मी से तो राहत मिली। बिल्यूंबास रामपुरा, बोघेरा सहित आधा दर्जन गांवों में बारिश के साथ ओले गिरे। किसान धर्मपाल चंदेल ने बताया कि ओले गिरने से सब्जियां बुवाई वाले खेतों में नुकसान हुआ है।
इनका कहना है
घटना के बारे में सूचना मिली है। पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता प्रशासन की तरफ से देय है पशुपालक को दी जाएगी।
संदेश नायक, जिला कलक्टर, चूरू





No comments:
Post a Comment