Breaking News
recent

चिकित्सक सहित 6 अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस

सवाईमाधोपुर. जिला कलक्टर डॉ. एसपीसिंह ने मंगलवार को लहसोड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर को स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक डॉ. प्रियंका सहित 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर कलक्टर ने सभी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने इस संबंध में कार्रवाई कर मंगलवार शाम को ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए बीपीएम ताराचन्द महावर को निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का पीपीपी मोड पर संचालन कर रही एक संस्था को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पीएचसी में पानी की मोटर खराब मिलने पर कलक्टर ने जनकल्याण रिहेबिटेशन एण्ड डवलपमेन्ट सोसायटी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर को बताया गया कि पीपीपी मोड संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत डॉ. प्रियंका 15 व 16 मई को दो दिन के अवकाश पर गई थीं, लेकिन मौके पर उपस्थित स्टॉफ ने बताया कि डॉ. प्रियंका 15 मई से 21 मई तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में नहीं आई। इस पर जिला कलक्टर ने उपस्थिति पंजीका मंगवाकर अवलोकन किया तो उपस्थिति पंजीका में डॉ. प्रियंका के 20 मई तक के हस्ताक्षर मिले। जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान बीसीएमएचओ सहित उपस्थित सभी कर्मचारियों को एप्रन पहनने एवं नेमप्लेट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचसी पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के नियमित संचालन के लिए बीसीएमएचओ विजय सिंह मीना को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।


निरीक्षण में आरओ प्लांट मिला बंद
जिला कलक्टर ने मंगलवार को लहसोड़ा में पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने लहसोड़ा में स्थित आरओ प्लान्ट का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान आरओ प्लान्ट बन्द मिलने पर कलक्टर ने आरओ ऑपरेटर एवं संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान आरओ ऑपरेटर को आरओ प्लान्ट सुचारू रखने के निर्देश दिए। इससे पहले कलक्टर ग्रामीणों व जलदाय विभाग के सहायत अभियंता जीपी गोयल से भी पेयजल के बारे में जानकारी ली। सहायक अभियन्ता ने बताया कि लहसोड़ा में 8 हैण्डपम्प, 9 सिंगल फेज तथा एक आरओ प्लान्ट से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.