रतन दवे
बाड़मेर. पुलवामा आतंकी हमले का भारत ने एयर स्ट्राइक से जवाब दिया वहीं अब पश्चिमी सरहद पर पाकिस्तान रेडियो सर्विस पर भी एयर स्ट्राइक शुरू कर दी है। पाक रेडियो अब तक दुष्प्रचार कर भारत के खिलाफ बयानबाजी कर रहा था अब आल इंडिया रेडियो की उर्दू सर्विस ने पाक की पोल खोलनी शुरू कर दी है।
पाक रेडियो की ओर से हकीकत हिन हालजी, जागता पाकिस्तान, आईना, फरमाइशी नगमों सहित विभिन्न कार्यक्रमों में लगातार भारत के खिलाफ बयानबाजी की जाती रही है। भारत के प्रधानमंत्री,सेना और कश्मीर को लेकर भी पाक रेडियो गलत टिप्पणियां व भड़काऊ बयानबाजी से बाज नहीं आ रहा। इसके जवाब में अब पुलवामा में आतंकी हमले के बाद आल इंडिया रेडियो की उर्दू सर्विस ने भी तेवर दिखाने शुरू किए हैं।
सुबह 6 से राज 1 बजे तक जवाब
सुबह 6 से रात 1 बजे तक उर्दू सर्विस का प्रसारण हो रहा है। सुबह 7.45 बजे मुख्तसर तकरीर कार्यक्रम आते हैं। इसमें पांच मिनट तक पाकिस्तान की पोल खोलने वाली टिप्पणियां की जा रही हैं। सुबह 8 से 10 बजे तक फरमाइशी प्रोग्राम में भी पाकिस्तान की ओर से आने वाले व्हाट्सएप मैसेज के जवाब में साफ-साफ लफ्जांे में पाकिस्तान की आतंकी हरकतों को गलत करार दिया जा रहा है।
पाकिस्तान डायरी में कड़ा जवाब
उर्दू सर्विस पर रात 8.45 बजे पाकिस्तान डायरी कार्यक्रम में पाकिस्तान मीडिया, जनप्रतिनिधि, सरकार व आतंक मुद्दे पर आधारित किया गया है। पंद्रह मिनट के इस कार्यक्रम में पाकिस्तान में आतंकवाद को पनाह देने की बात को ठोस तरीके से समसामयिक मुद्दों के साथ उठाया जा रहा है। इसके बाद शाम चार बजे जहांनुमा कार्यक्रम में भारत-पाक दोनों देशों के प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों को बताते हुए खुलासा किया जाता है कि पाक में प्रकाशित समाचार मंे कितनी हकीकत है।
सीमावर्ती लोगों को बहुत राहत
पाक रेडियो पर आने वाले फिल्मी नगमों व अन्य कार्यक्रमों के बीच कई सालों से भारत के खिलाफ बयान दिए जा रहे है। इसका जवाब भारत नहीं दे रहा था। पहली बार उर्दू सर्विस में अब भारत तल्खी से जवाब देने लगा है। इससे रेडियो श्रोताओं को काफी अच्छा लग रहा है।
- खुदाबख्श खलीफा, अध्यक्ष, रेडियो लिसनर्स क्लब, खलीफे की बावड़ी
यों दिए जा रहे हैं जवाब
पाक रेडियो- भारत कश्मीर में बेगुनाह लोगों पर अत्याचार कर रहा है। उनको आतंकवादी बताकर मारा जा रहा है।
ऑल इंडिया रेडियो उर्दू सर्विस- आतंकवाद को भारत बर्दाश्त नहीं करेगा, पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देकर कश्मीर में हालात बिगाड़ रहा है।
पाक रेडियो- एयर स्ट्राइक में कोई नुकसान नहीं हुआ। मदरसा भी सुरक्षित है। भारत यों ही बयानबाजी कर रहा है।
ऑल इंडिया रेडियो उर्दू सर्विस- पुलवामा हमले का भारत ने घर में घुसकर जवाब दिया है, आतंकवादियों के खिलाफ सख्त रहेंगे।
पाक रेडियो- भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुसलमानों के खिलाफ है। भारत में मुसलमानों का रहना अब मुश्किल हो रहा है।
ऑल इंडिया रेडियो उर्दू सर्विस- अभिनंदन की रिहाई पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरानखां ने भारत की कूटनीति के दबाव में की है।





No comments:
Post a Comment