श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के नवनिर्वाचित सांसद निहालचंद ( nihal chand ) ने लोकसभा चुनाव 2019 ( Sriganganagar LokSabha Election 2019 ) में जीत के बाद पत्रिका से बातचीत की। इस दौरान निहालचंद ने अपनी जीत का श्रेय जिले के मतदाताओं और पार्टी के एक एक कार्यकर्ता को दिया। निहालचंद पांचवीं बार यहां से सांसद चुने गए हैं। अब आपको बताते हैं उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश
1. क्या मंत्रिमंडल में आपको स्थान मिलने की उम्मीद है?
सांसद बनने के लिए चुनाव लड़ा था। मंत्री पद का लालच नहीं है। सांसद रह कर भी कई सेवा कार्य किए जा सकते हैं। मैं मूल रूप से जनता की सेवा करना चाहता हूं।
2. विपक्ष मतगणना से पहले ही ईवीएम में छेड़छाड़ के आरोप लगा रहा था?
विपक्ष हमेशा ऐसे आरोप लगाता है। 2018 के विधानसभा चुनावों में तीन प्रदेशों में कांग्रेस जीती, तब कांग्रेस ने ऐसा कोई आरोप नहीं लगाया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी जब जीतती है, तो कांग्रेस हमेशा यही आरोप लगाती है। उनके आरोप कभी सिद्ध नहीं हुए। कांग्रेस हार कर ईवीएम पर आरोप लगाती है।
3. राज्य में गहलोत सरकार की अब क्या स्थिति रहेगी? क्या सरकार गिर सकती है?
राज्य में गहलोत सरकार की स्थिति पहले ही फेल थी और ये अब भी फेल रहेगी। क्योंकि सरकार पिछले पांच महीनों में कुछ नहीं कर पाई है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो घोषणा की, उसे भी ये सरकार पूरा नहीं कर पाई। मैं समझता हूं राज्य में कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल साबित होगी, जो अगले पांच सालों में विकास की कोई योजना नहीं बना पाएगी।
4. क्या देश में इस बार भी मोदी लहर थी?
बिल्कुल। देश में इस बार मोदी लहर थी। देश की जनता मोदी के नाम पर एकजुट थी। भारत विश्व गुरू बने, यही लोगों के दिमाग में था। देश के नौजवानों के मन में था कि भारत एक शक्तिशाली देश बनकर उभरे। विश्व में आज भारत छठीं नंबर की अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। ये भी मतदाताओं के दिमाग में रहा होगा। लोग मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
5. क्षेत्र के लिए आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?
हनुमानगढ़ के लिए वाशिंग लाइन और श्रीगंगानगर के लिए मेडिकल कॉलेज की प्राथमिकताएं हैं।





No comments:
Post a Comment