जोधपुर.
नागौरी गेट थानान्तर्गत उदयमंदिर आसन में गायों की फाटक के पास स्थित मकान में जन्मदिन की दावत में उपजे विवाद के बाद गुरुवार रात चाकू और बैस बॉल के बैट से हमले में चार घायल हो गए। हिस्ट्रीशीटर के पुत्र के चाकू लगने से महात्मा गांधी अस्पताल व वारदातस्थल पर भीड़ जमा हो गई। परिजन व परिचितों ने अस्पताल में हंगामा कर विरोध जताया। पुलिस व आरएसी का अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
थानाधिकारी लूणसिंह ने बताया कि गायों की फाटक के पास मकान में देर रात बच्चों की दावत चल रही थी। जिसमें विवाद हो गया। तब चाकू, बैस बॉल के बैट व अन्य हथियारों से लैस कुछ लोगों ने मकान में हमला कर दिया। चाकू, बैस बॉल के बैट आदि से हमले में चार जने घायल हो गए। आसन निवासी हिस्ट्रीशीटर शमशेर का पुत्र साहिल के पेट व पसलियों में चाकू से वार किए गए। जबकि नियाज मोहम्मद पुत्र यासीन मोहम्मद के सिर में बैस बॉल के बैट से चोट आई। दो अन्य युवक भी चोटिल हुए। जिन्हें महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया। साहिल व नियाज मोहम्मद को भर्ती किया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी।
आपातकालीन इकाई के बाहर व रोड तक भीड़
हिस्ट्रीशीटर के पुत्र व भतीजे पर हमले का पता लगते ही परिजन के साथ ही मोहल्लेवासी व परिचित लोग अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए। आपातकालीन इकाई के बाहर से लेकर मुख्य गेट के बाहर सडक़ तक भीड़ जमा हो गई। हमले के विरोध में हंगामा भी किया। भीड़ के चलते मुख्य रोड पर यातायात भी बाधित रहा। अस्पताल में एमओटी में भी भीड़ जमा हो गई। डीसीपी (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह, एडीसीपी निर्मला बिश्नोई, प्रशिक्षु आरपीएस खींवसिंह सहित पुलिस अधिकारी, चार थानों की पुलिस व आरएसी अस्पताल पहुंची। सभी को शांत कर घर भेजा। वहीं, उदयमंदिर आसन व वारदातस्थल पर भी भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस व आरएसी के जवानों ने सभी को घरों में भेजकर मामला शांत कराया।
राजनीतिक रंजिश की आशंका
सूत्रों के अनुसार हमले की वजह अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन आपसी विवाद के साथ राजनीतिक रंजिश कारण हो सकता है। हताहत होने वाले व हमले में शामिल युवक अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं। घायल साहिल की चाची वर्तमान पार्षद और चाचा पूर्व पार्षद है।





No comments:
Post a Comment