Breaking News
recent

बड़े भाई के सेहरा सजने से पहले, छोटे भाई की उठ गई अर्थी

हिण्डौनसिटी. सदर थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा के जिस आंगन से घोड़ी पर बैठ गाजे बाजे से बड़े बेटे की बारात निकलनी थी, इसके ठीक एक दिन पहले शनिवार को छोटे पुत्र की अर्थी उठ गई। मंगल गीतों की जगह हरेक के मुंह से रुलाई फूट रही थी। शादी में आए रिश्तेदार भी परिजनों के साथ फफक रहे थे।

शोक का मंजर कल्याणपुरा के अलावा करई गांव में भी पसरा था। जहां दूल्हे के मृतक भाई के दोस्त की अर्थी को कांधा दिया जा रहा था। शुक्रवार रात महवा रोड पर तिवारा पुल के पास हुई सडक़ दुघर्टना एक ही साथ दो परिवारों को दर्द दे गई। बीती रात ट्रक से कुचलने के कारण कल्याणपुरा निवासी श्यामसुंदर (22) पुत्र हरीलाल जाटव व करई निवासी उसके दोस्त गोविन्द जाट (40) पुत्र हरीसिंह की मृत्यु हो गई थी।

शनिवार सुबह विवाह की तैयारियों में सजे घर में श्यामसुंदर का शव पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। लग्नपत्रिका के अनुसार शनिवार दोपहर में हरीलाल जाटव के बड़े पुत्र को लखनसिंह के विवाह की मंडप, भात, जौनार व उबटन की रस्म होनी थी। लेकिन उसी आंगन से छोटे बेटे श्यामसुंदर की अर्थी तैयार होती देख चहुंओर रूदन मच गया।

छोटे भाई की मौत से दूल्हा लखनसिंह फफक तो रहा था, लेकिन सामाजिक वर्जनाओं के चलते छोटे भाई की अर्थी को न तो कांधा दे सका और न ही अंत्येष्टि में शामिल हो सका। बिलखते हरीलाल ने बताया कि पुत्र लखन की शादी 12 मई को है। जिसकी बारात सरमथुरा के सुनारी कलां गांव में जानी है। उसने बताया कि छह पुत्रों में पांचवे नंबर का श्यामसुंदर अपने बडे भाई की शादी की तैयारी में जुटा था। लेकिन बारात में जाने से पहले ही वह दुनिया छोडक़र चला गया।

इधर करई गांव में गोविन्द की मौत का मातम पसरा था। उसकी पत्नी लोंगादेवी व बूढ़ी मां रामदेई बार-बार बेसुध हो रही थी। मृतक के पुत्र ऋषी व सोमवीर अपने सिर से पिता का साया उठने से गमजदा थे। गांव की महिलाएं और पुरुष परिजनों को दिलासा दे रहे थे।

पुलिस ने किया मामला दर्ज, ट्रक जब्त-
शनिवार सुबह राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मामले में मृतक श्यामसुंदर के भाई नरेन्द्र ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने भी ट्रक को जब्त कर लिया है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.