भगवतगढ़. इटावा बालाजी मंदिर में गत शुक्रवार को शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा बालाजी की मूर्ति को कुल्हाड़ी से क्षतिग्रस्त करने के मामले को लेकर बालाजी सेवा समिति सदस्यों एवं आस-पास के गांवों के पंच पटेलों की बैठक हुई। बैठक में गांव के प्रत्येक परिवार के सदस्य को भी आमंत्रित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता बालाजी सेवा समिति के अध्यक्ष प्रहलाद मीना ने की। सेवा समिति के संरक्षक सदस्य टीकाराम मीना ने बताया कि बैठक में बालाजी के गर्भगृह की सुरक्षा बढ़ाने के लिए स्टील की मोटी रैलिंग लगाने तथा सुरक्षा गार्ड लगाने का निर्णय किया गया।
बालाजी की मूर्ति को क्षति पहुंचाने वाले व्यक्ति के ऊपर सामाजिक स्तर पर मीना समाज के जिलाध्यक्ष बंशीलाल मीना की मौजूदगी में पांच हजार एक सौ रुपए का आर्थिक दण्ड, दो क्विंटल चुगा एवं हरिद्वार स्नान के बाद ही गांव में प्रवेश करने देने का निर्णय किया गया। इसके अलावा गांव में अवैध रूप से संचालित दो शराब की दुकानों को बंद कराने पर भी सहमति जताई गई। भविष्य में यदि कोई शराब के नशे में मंदिर में प्रवेश करते पकड़ा जाता है तो उसे मंदिर सेवा समिति ने ग्यारह हजार रुपए के आर्थिक दण्ड से दण्डित का फैसला किया।
पुजारियों के लिए ड्रेस कोड
बैठक में मंदिर में पूजा करने वाले पुजारियों के बारे में भी चर्चा की गई। इसमें पुजारियों को भविष्य में मंदिर में मौजूद रहने एवं पूजा करते समय निर्धारित ड्रेस कोड में रहने की हिदायत दी गई। इसके अलावा मंदिर परिसर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए भी पुजारियों को कहा गया। बैठक में रामनिवास मीना, हरिराम मीना, रामधन मीना, तुलसीराम सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment