नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में बीजेपी की महाविजय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं पहले दिन से कह रहा था कि यह चुनाव कोई नेता, कोई पार्टी नहीं लड़ रही थी, यह चुनाव जनता लड़ रही थी। आज मेरी उस बात को जनता ने सबसे सामने ला दिया है। पीएम ने कहा कि आज कोई विजयी हुआ है तो लोकतंत्र विजयी हुआ है, जनता विजयी हुई है।
मोदी बोले- 40-42 डिग्री तापमान में भी हुई सबसे ज्यादा वोटिंग
पीएम मोदी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए भीषण गर्मी में ज्यादा वोटिंग के लिए जनता को धन्यवाद शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि जबसे देश आजाद हुआ है, तब से लेकर अब तक कई चुनाव हुए हैं, लेकिन इस चुनाव में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई, वह भी 40-42 डिग्री तापमान में।
दूसरी बार पूर्ण बहुमत से जीतकर प्रधानमंत्री बनने जा रहा है- शाह
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि देश में 50 साल बाद ऐसा होने जा रहा है कि कोई दूसरी बार पूर्ण बहुमत से जीतकर प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। आज देश को सबसे ऐतिहासिक विजय मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को प्राप्त हुई है। शाह ने आगे कहा कि अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले हैं।
अमित शाह ने कांग्रेस की कमियां गिनाई
कांग्रेस की कमियां गिनाते हुए अमित शाह ने कहा कि अगर वो मेहनत करते तो कई राज्यों में उनका खाता खुल जाता। इसके अलावा उन्होंने आंध्र प्रदेश में जगन रेड्डी और ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक को भी जीत की बधाई दी। अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर वंशवाद को लेकर हमला बोला। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन के बावजूद यूपी में बीजेपी को भारी बहुमत मिला है। अमित शाह ने कहा कि जातिवादी पार्टियों का कोई महत्व नहीं है।
'अरुणाचल में पहली बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी'
बीजेपी अध्यक्ष अमित अरुणाचल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत से भी काफी खुश नजर आए। शाह ने कहा कि अरुणाचल में पहली बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
बीजेपी मुख्यालय मोदी, शाह का जोरदार स्वागत
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी के बीजेपी मुख्यालय में पहुंचने पर पार्टी के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी पर कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश की, जिसके बाद पीएम मोदी ने विक्ट्री साइन दिखाया।
राजनाथ, सुषमा स्वराज ने किया कार्यकर्ताओं का अभिनंदन
बीजेपी मुख्यालय में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, जेपी नड्डा, थावर चंद गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद हैं। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।





No comments:
Post a Comment