जैसलमेर/पोकरण. स्थानीय पंचायत समिति सांकड़ा सभागार में पोकरण व नाचना वृताधिकारी क्षेत्र के पुलिस थानाधिकारियोंं, मुख्य आरक्षकों व कॉर्ट एलसी का एक प्रशिक्षण शिविर रविवार को आयोजित किया गया। शिविर में दक्ष प्रशिक्षक व जैसलमेर वृताधिकारी गोपाललाल शर्मा ने पुलिस मुख्यालय जयपुर से समय-समय पर जारी होने वाले आदेशोंं व परिपत्रों की प्रभावी पालना, उन पर तत्काल कार्रवाई कर परिवादियों, पीडि़तों को राहत पहुंचाने, कानून एवं शांति व्यवस्था की मजबूती को लेकर प्रशिक्षण दिया। दक्ष प्रशिक्षक एवं वृताधिकारी शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अपराधों की रोकथाम व परिवादियों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस मुख्यालय जयपुर से आए दिन नए आदेश व परिपत्र जारी किए जाते है, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने के कारण अपराधों की संख्या में वृद्धि होती है। उन्होंने गत दिनों पुलिस महानिदेशक व पुलिस मुख्यालय जयपुर से जारी विभिन्न स्थायी आदेशों व परिपत्रों की जानकारी दी। उन्होंने महिला उत्पीडऩ, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ रही यौन शोषण की घटनाओं, पोक्सो एक्ट, गंभीर व संगठित प्रवृति के अपराधों की रोकथाम को लेकर की जाने वाली कार्रवाई के लिए प्रशिक्षण दिया। उन्होंने 2019 में गत तीन माह में जारी किए गए विभिन्न स्थायी आदेशों, परिपत्रों, पुलिस प्राथमिकताओं को लेकर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपराध के मामले में किसी भी तरह की ढीलाई नहीं बरतने व तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही तथा परिवादी को त्वरित न्याय मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम चौधरी पोकरण, थानाधिकारी सुखराम विश्रोई पोकरण, देवीसिंह रामदेवरा, वगतसिंह फलसूण्ड, शंकरलाल भणियाणा, नेमाराम लाठी सहित थानाधिकारी, मुख्य आरक्षक व कॉर्ट एलसी उपस्थित थे।





No comments:
Post a Comment