Breaking News
recent

दूर से आते है धरती को बिछोना कर, आसमां ओढऩे वाले

-विश्व मजदूर दिवस पर विशेष स्टोरी
दूर से आते है धरती को बिछोना कर, आसमां ओढऩे वाले
-मेहनतकशों की जिंदगी का सच
-जितेंद्र जैकी-
झालावाड़. रोजी रोटी की तलाश में अपने वतन को दूर छोड़ कर करीब 6 माह के लिए झालावाड़ आने वाले सैकड़ों मेहनतकश मजदूर इन दिनो अपने परिवार सहित मिनी सचिवालय के निकट सिटी फोर लेन के किनारे खुल आसमां तले डेरा डाले हुए है। सामान के नाम पर मात्र कुछ कपड़ों व खाना बनाने के चंद बर्तनों की गठरियां होती है जो मजदूरी पर जाते समय भगवान भरोसे पेड़ों पर टंग जाती है। मजदूर दिवस से बेखबर इन मजदूर परिवारों की दैनिक जीवनचर्या अलसुबह से ही शुरु हो जाती है। सूरज की निकलती किरणों के साथ ही चूल्हे भी जल जाते है। खाना खाकर व साथ में बांधकर यह मजदूर कड़ी धूप में हाड़तोड़ मेहनत के लिए परिवार सहित निकल पड़ते है। सामानों की गठरी पेड़ो पर व जीवन बीमा निगम व उद्योग केंद्र की चारदिवारी से सटी बची कुछ जगह पर सिमेट जाते है। शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्य में दिनभर मौसम की मार के बीच लगे रहते है। इस दौरान बच्चें भी इनके साथ ही मौसम की मार सहते रहते है। कड़ी मेहनत करती मांए बीच बीच में अपने बच्चों को भी सम्भालती रहती है।
-मध्यप्रदेश के दूर दराज से आते है
मध्यप्रदेश के रतलाम व झाबुआ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने वाले मजदूरों के पास दीपावली के बाद काम नही रहता है। खेत पड़त पड़ जाते है इसलिए यह सैकड़ों मजदूर अपने परिवार सहित झालावाड़ में आ जाते है। यह अब बारिश का मौसम शुरु होते ही वापस लौट जाएगे। झालावाड़ में करीब 6 माह तक यह खुले आसमां तले बसेरा करते है। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के गंाव बामनिया व रावटी से आए सागर, पप्पू, कोदर, कालिया, कैलाश, मम्मू, छोटिया आदि ने बताया कि यहां मजदूरी मिल जाती है इससे परिवार का गुजर बसर हो जाता है।
-पार्किग की जगह से मिल रही राहत
सिटी फोर लेन की सर्विस लेन के निकट यहां अब पार्किंग के लिए सीमेंट कर दिया गया है इससे मजदूर परिवारों को राहत मिल रही है पहले यहां मिट्टी व उबड़ खाबड़ कच्ची जगह थी जिसमें यह परिवार पड़े रहते थे। लेकिन अब अच्छी तरह सो पाते है।
जिले में है 55 हजार 328 मजदूर पंजीकृत
-श्रम कल्याण विभाग ने 13,576 को किया लाभांवित
-मजदूर दिवस पर विभाग की प्रगति रिपोर्ट
झालावाड़. जिले में श्रम कल्याण विभाग में कुल 55 हजार 328 मजदूर पंजीकृत है। विभाग की ओर से सरकार की मजदूरों के लिए चलाई जा रही सात योजनाओं में 1 अप्रेल 2015 से 26 जनवरी 2019 तक जिले के 13 हजार 576 मजदूरों को 23.73 करोड़ से लाभांवित किया गया। जिला श्रम कल्याण अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से जिले में संचालित शुभशक्ति योजना में 1453 मजदूरों को 8 करोड़, निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना में 10851 को 10.1 करोड़, औजार/टूलकिट सहायता में 263 को 54 हजाऱ, सुलभ्य आवास योजना में 4 को 6 लाख, प्रसूति सहायता योजना में 784 को 1.6 करोड, हिताधिकारी की सामान्य अथवा दुर्घटना में मृत्यु या घायल होने की दशा में सहायता योजना में 156 को 3.02 करोड़, सिलिकोसिस पीडि़त हिताधिकारियों के लिए सहायता योजना में 65 को 9 लाख से लागत से लाभाविंत किया गया।
झंडारोहण आज
झालावाड़. विश्व मजदूर दिवस पर बुधवार को राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाईज यूनियन जिला शाखा की ओर से झंडारोहण किया जाएगा। शाखा सचिव सुरेंद्र गौतम ने बताया कि इस दौरान सुबह ठीक आठ बजे रोडवेज बस स्टेंड के मुख्य द्वार के निकट झंडारोहण होगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.