सवाई माधोपुर/बहरावण्डा खुर्द।
प्रदेश में प्रेमी युगलों द्वारा आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रह है। अब सवाई माधोपुर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। सवाई माधोपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर राजस्थान-मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चम्बल नदी के पाली ब्रिज से शुक्रवार सुबह एक प्रेमी युगल ने आत्महत्या करने के इरादे से छलांग लगा दी। इस दौरान युवक तो चम्बल नदी में छलांग लगाने में कामयाब हो गया, लेकिन युवती को छलांग लगाते-लगाते लोगों द्वरीर पकडक़र बचा लिया गया।
मध्यप्रदेश राज्य की सीमावर्ती सामरसा चौकी पुलिस द्वारा बचाई गई युवती को पूछताछ कर परिजनों के हवाले कर दिया। अब दोनो राज्यों की सीमावर्ती थाना पुलिस चम्बल में कूदे युवक की तलाश करने से छुटकारा पाने के लिए एक-दूसरे का मामला बताकर पल्ला झाड़ रही है। वहीं युवक के परिजन बेबस हालात में अपने लाल को ढ़ूढऩे के लिए दोनों राज्यों की चौकी-थानों के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे है। इधर फिर से एक प्रेमी युगल के इस कदर चम्बल में कूदकर आत्महत्या करने के प्रयास की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी, जिससे आसपास के गांवो में सनसनी फैल गयी।
वहीं इधर कोर्ट परिसर में मिली वकील की लाश से सनसनी
हनुमानगढ़ में जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार सुबह अधिवक्ता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के मुंह व हाथ पर चोट लगी हुई थी। सूचना मिलने पर जंक्शन थाना पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव को रखवाया। पुलिस कोर्ट परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दोपहर बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक का लीवर फटा हुआ मिला। पेट में जख्म व पसलियां टूटी हुई मिली। मेडिकल बोर्ड उक्त चोटों को ऊंचाई से गिरकर आई चोट मान रहा है। जानकारी के अनुसार न्यायालय परिसर के न्यू लॉयर्स चैम्बर्स के मुख्य दरवाजे के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे वकील सुरेश ढोसीवाल (44) अमरसिंह ढोसीवाल निवासी हाऊसिंग बोर्ड, जंक्शन का शव पड़ा मिला। कोर्ट कर्मचारियों ने वहां शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। डीएसपी अंतरसिंह श्योराण व एसएचओ अरविन्द भारद्वाज ने घटना स्थल का मुआयना किया। मृतक गुरुवार रात लॉयर्स चैम्बर की छत पर ही सो गया। शुक्रवार तडक़े किसी समय नीचे उतरने के प्रयास में वह तीन मंजिला भवन से गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। मृतक की माता शीला ढोसीवाल बसपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ चुकी है।





No comments:
Post a Comment