Breaking News
recent

वाहनों में क्षमता से अधिक भरते हैं चारा, बन रहे हादसे का कारण

शिव. उपखंड मुख्यालय से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 68 से गुजर रहे ओवरलोड वाहनों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। ये वाहन शिव सहित विभिन्न पुलिस थानों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के आगे से गुजरते हैं, लेकिन कहीं इन्हें रोकने की कार्रवाई नहीं होती।

क्षेत्र में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक हाइवे पर चारे से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां पलट गई। इससे एक जने की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। वहीं एक अन्य झाल हाइवे पर खुल जाने से यातायात प्रभावित हुआ। ऐसे ही बीते एक सप्ताह में करीब 8 घटनाएं हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार इसे रोकने को लेकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

महंगे दाम पर बिकता है चारा

जिले के अकालग्रस्त क्षेत्रों में इन दिनों अकाल के चलते चारे-पानी की किल्लत है। ऐसे में कई लोग मोहनगढ़ सहित अन्य नहरी क्षेत्रों से ट्रैक्टर ट्रॉलियों व पिकअप में क्षमता से अधिक चारा परिवहन करते हैं। वे इसे अकाल प्रभावित क्षेत्रों में महंगे दाम पर बेचते हैं। मुनाफे के चक्कर में कई बार ओवरलोड वाहन हादसे का शिकार हो जाते हैं।

सरकारी प्रयास नाकाफी

अकालग्रस्त क्षेत्रों में सरकारी स्तर पर कोई राहत नहीं मिल रही है। सरकार ने कई जगह चारा डिपो व शिविर तो लगाए हैं, लेकिन इनमें पेचीदे नियमों के चलते अधिकांश पशुपालकों को कोई फायदा नहीं हो रहा है।

ये हुए हादसे

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक की मौत, तीन घायल

राष्ट्रीय राजमार्ग 68 पर ऊटल सरहद में शनिवार तड़के चारे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे एक जने की मौत हो गई तथा तीन जने गंभीर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार पहलादराम पुत्र जैसाराम, देवाराम पुत्र खेताराम, मोटाराम पुत्र दमाराम व चंपालाल पुत्र खेताराम जाट निवासी मुढणों की ढाणी ऊंडू चारे से भरी ट्रॉली लेकर मोहन गढ़ से अपने गांव जा रहे थे।

तभी ऊटल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गया। इससे चालक सहित टोली के उपर बैठे तीन जने गंभीर घायल हो गए। वाहन चालकों की सूचना पर पुलिस व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने ट्रॉली को सीधा किया तथा घायलों को 108 एंबुलेंस से सांगड़ अस्पताल भिजवाया।

यहां चिकित्सकों ने प्रहलादराम को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों का प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रैफर कर दिया। शिव पुलिस ने शव कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा।

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, यातायात प्रभावित

शिव सरहद में धर्मकांटे के पास शुक्रवार रात को अनियंत्रित चारे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इससे हाइवे पर यातायात प्रभावित हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पेट्रोलिंग वाहन प्रभारी गुलाबसिंह राठौड़ के अनुसार जैसलमेर से चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बाड़मेर की ओर जा रही थी। शिव सरहद में धर्म कांटे के पास ट्रैक्टर ट्रॉली का हुक टूटने से पलट गई। इससे उसमें भरा चारा हाइवे पर पसर गया। अन्य वाहन चालकों की सूचना पर ट्रॉली को सीधा किया।

हाइवे पर खुली झाल

कस्बे के पंचायत समिति कार्यालय के पास शनिवार को ओवरलोड पिकअप की झाल रास्ते में खुल गई। इससे चारा बिखर गया। जानकारी अनुसार चारे से ओवरलोड पिकअप जैसलमेर से बाड़मेर की ओर जा रही थी। इस दौरान झाल खुल गई। जिससे चारा सड़क पर पसर गया। इससे अन्य वाहन चालको को परेशानी हुई।

कार्रवाई करते हैं

नाकाबंदी के दौरान ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पांच ओवरलोड वाहनों के शनिवार को भी चालान काटे गए हैं।

- सुरेंद्रकुमार प्रजापत, थानाधिकारी शिव



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.