शहर के विभिन्न चौराहों पर निकला मार्च
श्रीगंगानगर. महिलाओं को भयमुक्त होकर मतदान का संदेश देने के लिए शुक्रवार शाम को महिला पुलिसकर्मियों की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल मार्च निकाला गया। जिसकी अगुवाई प्रशिक्षु आईपीएस हितिका वासल ने की। वहीं मोहल्लों में महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की।
सिटी सीओ इस्माइल खान ने बताया कि महिलाओं को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश देने के लिए पुरानी आबादी थाने से प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। जिसमें महिला पुलिसकर्मी, आरएसी की हाडी रानी बटालियन की महिलाकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्काउट की बालिकाएं सहित अन्य महिलाएं शामिल हुई।
जो हाथों में मतदान जागरुकता की तख्तियां लेकर चल रही थीं। जिसमें आपका वोट आपके हाथ में है, पुलिस आपके साथ में है। जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। यह पैदल मार्च पुरानी आबादी थाने से शुरू होकर कोडा चौक, भगत सिंह चौक, रविन्द्र पथ, बीरबल चौक, सुखाडिया सर्किल, इंन्दिरा चौक सहित अन्य बस्तियों में होते हुए गोल बाजार, रेलवे स्टेशन के पास होते हुए कलक्ट्रेट के पास जाकर समाप्त हुआ।
इस दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने, महिलाओं से भी किसी भी प्रकार की समस्या आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।





No comments:
Post a Comment