दिनभर होती रही बिजली की ट्रिपिंग
प्रतापगढ़. जिले में रविवार देर शाम और रात को आए अंधड़ व बारिश के कारण शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बाधित रही। कई जगह विद्युत लाइनों में फाल्ट आ गया। शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रही। सोमवार सुबह भी शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से बिजली की ट्रिपिंग होती रही। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को दिन भर भीषण गर्मी के बाद शाम चार बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ चली धूल भरी आंधी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। विद्युत वितरण निगम की ओर से आंधी तूफान के कारण कई उपकेन्द्रों से विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। लेकिन कई जगह विद्युत लाइनों में फाल्ट के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित होती रही। रविवार रात को भी कई घंटों तक लोगों को अंधेरे में समय गुजारने पर मजबूर होना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार शहर के बगवास जीएसएस पर तकनीकी खराबी के कारण अमलावद फिडर से जुड़े इलाकों में बिजली गुल रही। इसी प्रकार कृषि मंडी रोड पर लगे ट्रांसफार्मर पर जम्पर टूटने के कारण इस क्षेत्र से जुड़ी कॉलोनियों में भी परेशानी आई।
इन इलाकों में हमेशा रहती है परेशानी: शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कृषि मंडी रोड, देवगढ़ दरवाजा, तिलक नगर, मालवा कॉलोनी, गोपालगंज सहित कई कॉलोनियों में हर थोड़े दिन में लाइनों में फाल्ट के कारण परेशानी बनी रहती है। कुछ दिनों पहले ही लाइनों में फाल्ट के चलते हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रात भर विद्युत आपूर्ति बंद रही थी।
शहर में दो जगह जली केबल: जिला मुख्यालय पर सोमवार को दो जगह विद्युत केबलों में आग लगने से कई घंटों तक बिजली गुल रही। शहर के अजमेर विद्युत वितरण निगम कार्यालय के बाहर अन्डरगाउन्ड केबल में आग लगने से कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। आग की सुुचना पर फायरब्रिगेड को सूचना दी गई, इसके बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं दूसरी ओर शहर के कृषि मंडी रोड पर केबल में आग लगने से फिर से विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
बिजली गुल रहने से लोग रहे परेशान
जिले में इन दिनों उमस भरी गर्मी और ऊपर से लगातार हो रही बिजली की कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी के दिनों में बिजली गुल होने के बाद पता नहीं होता है कि बिजली दोबारा कब आएगी। हमेशा अघोषित बिजली कटौती का ही भय सताता रहता है कि बिजली ना जाने कब गुल हो जाए। बिजली कटौती के कारण लोगों की पूरी दिनचर्या खराब हो रही है। उमस भरी गर्मी से छोटे बच्चे, महिला और बुजुर्गों को भारी कठनाइयों का सामना करना पड़ता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती से ग्रामीणों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है। वहीं छोटे उद्योग व बिजली पर निर्भर दुकानदारों में बिजली निगम के प्रति खासा गुस्सा व्याप्त है। अघोषित बिजली कटौती ने पेयजलापूर्ति को भी बिगाड़ दिया है। इधर हर थोड़े दिनों में लाइनों में फाल्ट व जीएसएस पर आ रही खराबी के कारण व्यवस्था बिगड़ जाती है।
अंधड़ से तकनीकी खराबी आ गईथी
&शहर के बगवास जीएसएस पर अंधड़ के दौरान तकनीकी खराबी से अमलावद फीडर से जुड़े इलाकों और कृषि मंडी रोड पर लगे ट्रांसफार्मर पर जम्पर निकलने के कारण थोड़ी परेशानी आई थी।
विजय हरमोर, जेईएन, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, प्रतापगढ़





No comments:
Post a Comment