Breaking News
recent

आठ वर्षीय बालिका का अपहरण कर बलात्कार किया

दौसा. सदरथाना इलाके के भाण्डारेज मोड़ से एक दरिंदा 8 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला फुसला कर बाइक पर बिठा कर ले गया और उसने कालाखोह अम्बाड़ी गांव के पास सुनसान जगह ले जाकर बलात्कार किया। आरोपी बाद में बालिका को छोड़कर फरार हो गया। इधर, परिजनों की सूचना पर सदरथाना पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी कराई। पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और बालिका को कालाखोह अम्बाड़ी में मौके से दस्तयाब कर लिया। घटना रविवार देर शाम की है। बालिका की दादी ने महिला पुलिस थाने में मामला दर्ज करा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह चौहान के नेतृत्व में सदर थाना व महिला थाना पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

 

 


महिला थाना प्रभारी मांगीलाल मीना ने बताया कि भाण्डारेज मोड़ पर घुमंतू जाति के लोगों का डेरा था। परिजनों ने आठ वर्षीय बालिका को चाय की दुकान पर चाय लेने भेजा था। इस दौरान वहां पर मौजूद आरोपी ने आठ वर्षीय बालिका को बहला फुसला कर अपनी बाइक पर बिठा लिया। इसके बाद वह भाण्डारेज -लालसर मार्ग होता हुआ लाकां से कालाखोह अम्बाड़ी पहुुंच गया। सुनसान जगह पर बालिका के साथ बलात्कार किया। बालिका लहुलूहान हो गई।

 

 


पुलिस ने बताया कि बालिका जब चाय की दुकान से काफी देर तक नहीं पहुंची तो परिजनों की सूचना पर सदरथाना पुलिस ने नाकाबंदी कराई और पुलिस ने पीछा किया। इस पर बालिका कालाखोह अम्बाड़ी में रेटावाली ढाणी के लिए जाने वाले रास्ते में सुनसान जगह पर मिली। सदरथाना पुलिस ने बताया कि बालिका को लहुलूहान हालत में दस्तयाब कर दौसा ले आई। बालिका की दादी ने महिला पुलिस थाने में मामला दर्ज करा दिया है। जिला अस्पताल में बालिका का मेडिकल मुआयना कर दिया है।

 

 

सीसीटीवी फुटेज देखे व लोगों से की पूछताछ


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह चौहान के नेतृत्व में महिला व सदरथाना पुलिस की टीमों ने रविवार व सोमवार को भाण्डारेज मोड़, लाकां, बहरावण्डा में आरोपी के हुलिए एवं बाइक के बारे में पूछताछ की। बहरावण्डा में दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे। हालांकि रविवार शाम तक पुलिस को आरोपी के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया।

 

 

जनवरी में भी छारेड़ा से 9 वर्षीय बालिका को उठा ले गया था आरोपी


जनवरी 2019 में नांगलराजावतान थाना इलाके के छारेड़ा में स्कूल से छुट्टी के बाद घर आ रही पांचवीं कक्षा में पढऩे वाली 9 वर्षीय एक बालिका को भी एक आरोपी बहला फुसला कर बाइक पर बिठा ले गया था। आरोपी बालिका को उकाली घाटी में छोड़कर चला गया था। बालिका रोती हुई सड़क मार्ग पर आ गई थी। इस पर राहगीरों को बालिका को लाकां पुलिस चौकी पर सुपुर्द कर दिया था। आज तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.