बावड़ी.
एनएच 52 सीकर रींगस हाईवे पर स्थित बावड़ी गांव के बस स्टॉप पर अन्य डिपों की बसे नहीं रुकने से स्थानीय और बाहर के यात्री परेशान हैं। हाइवे होने के कारण काफी बसें गुजरती हैं लेकिन कुछ ही बसें रुकती हैं। सरदार शहर, गंगानगर, झुंझुनूं आदि डिपों की बसें नहीं रुकने से लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। महादेव निठारवाल व धन्नाराम भावरिया ने बताया कि सर्विस लाइन पर निर्धारित बस स्टॉप है लेकिन सर्विस लाइन से बसें नहीं गुजरती। ऐसे में भीषण धूप में यात्री हाईवे के कट पर बसों के इंतजार खड़े रहते हैं। हाथ देने पर भी चालक बस नहीं रोकता है। उधर ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में बसों के रुकने की व्यवस्था नहीं हुई तो प्रदर्शन किया जाएगा।
अखिल भारतीय किसान सभा सचिव मालीराम सौगण ने बताया कि सीकर, श्रीमाधोपुर के मुख्य प्रबंधकों को बार बार बावड़ी, रींगस स्टैंड पर एटीआई लगाने की मांग की जा चुकी है। इतना ही नहीं गंगानगर, बीकानेर, अनूपगढ़, चूरू, झुन्झुनूं, सरदार शहर, सीकर डिपों के मुख्य प्रबंधकों को मोबाइल व लिखित सूचना भी दी गई। परिचालकों ने टिकट मशीनों से बावड़ी बस स्टैंड का नाम ही हटवा दिया है। परिचालक बावड़ी के नाम से बैठाते नहीं हैं। दूसरी ओर बावड़ी से पलसाना, रींगस व सिंधी कैंप जयपुर से यदि कोई बावड़ी जाने के लिए बैठता है तो परिचालक मना कर देते हैं। बावड़ी के यात्री धर्मेन्द्र निठारवाल ने बताया कि रींगस से बावड़ी के लिए गंगानगर डिपो की बस में बैठकर आ रहे थे। परिचालक ने बावड़ी स्टैंड का टिकट ना काटकर ठीकरिया स्टैंड का टिकट काट दिया। तीनों यात्रियों को चालक ने दूसरे गांव के ठीकरिया स्टैंड पर उतारा। यात्रियों ने बस में लिखे गंगानगर डिपो के अधिकारियों के नम्बर पर शिकायत भी की।
तुरंत दे बस का नंबर होगी कार्रवाई
गंगानगर डिपो के मुख्य प्रबंधक भूटा सिंह ने बताया कि यात्री का फोन आया था। इस मामले में परिचालक से पूछताछ की जाएगी। इधर सीकर डिपो के मुख्य प्रबंधक हरफूल सिंह ओला ने कहा कि सीकर आगार की गाड़ी का स्टॉप होते हुए भी बावड़ी नहीं रोकते है तो तुरन्त प्रभाव से गाड़ी नम्बर की सूचना दें ताकि चालक व परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अन्य डिपों की बसें नहीं रूकती हैं तो अन्य डिपो के मुख्य प्रबंधकों को अवगत करवाकर शिकायत की जाए।





No comments:
Post a Comment