- अगस्त माह तक की करा रहे बुकिंग
गंगापुरसिटी . बच्चों के स्कूल की छुट्टियां होने के बाद अभिभावक दूर शहरों की सैर करने को आतुर नजर आ रहे हैं। इसी का नतीजा है कि स्कूल की छुट्टियों के लिहाज से लोगों ने रेलवे में आरक्षण लेना शुरू कर दिया है। आलम यह है कि रेलवे स्टेशन पर हर रोज 500 से ज्यादा आरक्षण हो रहे हैं। इनमें मुम्बई और अमृतसर जैसे शहरों के लिए रिजर्वेशन की मांग ज्यादा है।
दूरगामी ट्रेनों में मई माह के आरक्षण फुल हो गए हैं। वहीं जून माह में भी कम ही गुंजाइश बची है। लोग अगस्त माह तक का रिजर्वेशन कराने रेलवे स्टेशन के काउंटर पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में इन दिनों काउंटर पर खासी भीड़ नजर आ रही है। रेलवे प्रशासन के अनुसार ज्यादातर लोग परिवार सहित आरक्षण लेने के लिए आ रहे हैं। लोगों ने यह प्लानिंग बच्चों की स्कूल की छुट्टी के लिहाज से की है।
हर रोज बढ़ रहे रिजर्वेशन के आंकड़े के चलते ट्रेनों में सीट अब करीब-करीब फुल हो गई हैं। मई माह में ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हैं। वहीं जून माह के लिए कुछेक सीटें ही बची हैं। रेलवे प्रशासन का मानना है कि जल्द ही जून माह में भी रिजर्वेशन के लिए गुंजाइश नहीं बचेगी।
दूरदराज की गाडिय़ों में अधिक
रेलवे प्रशासन के मुताबिक लोग दूरदराज की ट्रेनों में खूब आरक्षण ले रहे हैं। खास तौर से स्वर्ण मंदिर मेल में अप एवं डाउन, पश्चिम एक्सप्रेस में अप एवं डाउन, अवध एक्सप्रेस के साथ साप्ताहिक चलने वाली ट्रेनों में आरक्षण लेने के लिए लोगों की कतार लगी है। इसमें मुख्य रूप से मुम्बई, अमृतसर, गोरखपुर जैसे दूरदराज शहरों के लिए लोग आरक्षण ले रहे हैं। रेलवे काउंटर के अलावा लोग ई-मित्र सहित अन्य माध्यमों से ऑनलाइन रिजर्वेशन करा रहे हैं।
इनका कहना है
गर्मी की छुट्टियों के लिहाज से इन दिनों रिजर्वेशन लेने वालों की कतार है। दूरगामी ट्रेनों में आरक्षण के लिए खूब आवेदन आ रहे हैं। हर रोज 500 से अधिक आरक्षण हो रहे हैं। मई माह में ज्यादातर सीटें फुल हो चुकी हैं। जून माह की कुछेक ही बची हैं। लोग अगस्त माह तक का आरक्षण लेने के लिए आ रहे हैं।
- देवी सिंह मीना, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक, रेलवे गंगापुरसिटी





No comments:
Post a Comment