कार हुई अनियंत्रित, नवविवाहिता घायल, बालक की मृत्यु
-विवाह कर लौट रहे थे नवदम्पति
-चालक के पास में बैठी महिला को आई झपकी
झालावाड़. बारां जिले के छीपाबड़ौद के गांव उदयपुरियां से विवाह के बाद अपने घर कोटा जिले के सुकेत के निकट गांव दुर्जनपुरा लौट रहे नवविवाहित वर-वधु की कार जिले के असनावर के गांव तैलियाखेड़ी के निकट बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे कार में सवार एक बालक की मृत्यु हो गई नवविवाहिता सहित तीन जने घायल हो गए। घायलों को राजकीय एसआरजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पुलिस चौकी के महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव दुर्जनपुरा निवासी अनिल कुमावत का विवाह अनीता से गांव उदयपुरिया में आयोजित विवाह सम्मेलन में मंगलवार रात सम्पन्न हुआ था। वर-वधु को लेकर अनिल का बड़ा भाई संदीप, उसकी पत्नी सोनाबाई व पुत्र हेमंत व रोहन को लेकर कार से रवाना हुआ। जिले के असनावर के निकट आगे बैठी सोनाबाई को अचानक झपकी आ गई जिससे वह कार के स्टेयरिंग पर गिर पड़ी इससे कार अनियंत्रित हो गई व पलटी खाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे बालक हेमंत की मृत्यु हो गई व रोहन, सोना बाई व अनिता घायल हो गई। वर अनिल सकुशल बच गया। तीनों को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुर्पुद कर दिया गया।
-मां की गोद में बैठा था हेमंत
कार संदीप चला रहा था, आगे की सीट पर उसकी पत्नी सोनाबाई अपने पुत्रों 9 वर्षीय हेमंत व 3 वर्षीय रोहन के साथ बैठी थी। पीछे की सीट पर दोनो नवविवाहित जोड़ा बैठा था। रातभर की नींद के कारण सोनाबाई को लगातार नींद की झपकी आ रही थी। दुर्घटना के समय हेमंत व रोहन मां की गोद में थे। लेकिन कार के क्षतिग्रस्त होने से सब उसके नीचे दब गए। मां की गोद में पुत्र ने दम तोड़ दिया। विवाह में भाग लेने गए अन्य परिजन व रिश्तेदार अन्य वाहन से पीछे आ रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौप दिया।
-(पत्रिका संवाददाता जितेंद्र जैकी, झालावाड़)





No comments:
Post a Comment