Breaking News
recent

विश्व कप : बतौर विकेटकीपर धोनी के पास नंबर वन बनने का मौका, बस करना होगा यह काम

नई दिल्ली : विश्व क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी विश्व के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं। वह भारत के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनके खाते में एक साथ आईसीसी वनडे विश्वकप, टी-20 विश्व कप और चैम्पियंस ट्रॉफी तीनों रहा है। उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड हैं, जिस पर चर्चा की जा सकती है। लेकिन आज हम बात करेंगे कि बतौर विकेट कीपर धोनी का विश्व कप में रिकॉर्ड कैसा है। इस लिस्ट में भी बतौर भारतीय और वर्तमान विकेटकीपरों में वह सबसे ज्यादा शिकार करने वालों में टॉप पर हैं। अगर विश्व कप क्रिकेट के इतिहास की बात करें तो वह वर्तमान में तीसरे नंबर पर हैं और उनके पास 30 मई से शुरू हो रहे 12वें विश्व कप में पहले नंबर पर पहुंचने की संभावना है। हालांकि यह थोड़ा मुश्किल लगता है, लेकिन धोनी जैसे क्रिकेटर के लिए यह कतई नामुमकिन नहीं है। आइए देखते हैं टॉप-5 में कौन-कौन शामिल है और धोनी इसमें कहां हैं और किस स्थान पर पहुंच सकते हैं।

कुमार संगकारा, 54 शिकार के साथ सबसे आगे
श्रीलंका के सफलतम विकेटकीपर और महान बल्लेबाज कुमार संगकारा बतौर विकेटकीपर ओवरऑल शिकार (54) करने के मामले में सबसे ऊपर हैं। हालांकि कैच (41) के मामले में वह दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन उन्होंने सबसे ज्यादा स्टंपिंग (13) की है। विश्व कप में उन्होंने कुल 37 मैच खेलकर 41 कैच और 13 स्टंप के साथ ओवरऑल 54 शिकार किए हैं।

पढ़ें : यौन उत्पीड़न मामले में बीसीसीआई सीईओ राहुल जौहरी की जांच लोकपाल से कराने की मांग खारिज

एडम गिलक्रिस्ट, सबसे ज्यादा पकड़े हैं कैच
ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ओवरऑल शिकार (52) के मामले में कुमार संगकारा से थोड़े ही पीछे हैं, लेकिन संगकारा से 6 मैच कम खेले हैं और शिकार है उनके खाते में मात्र दो कम। लेकिन अगर सिर्फ कैचों की बात की जाए तो इस लिस्ट में वह 45 कैच पकड़ कर सबसे ऊपर हैं। वहीं 31 मैचों में उनके नाम सिर्फ 7 स्टम्प है।

महेंद्र सिंह धोनी , वर्तमान क्रिकेटरों में सबसे आगे
बतौर विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी समकालीन क्रिकेटरों में सबसे आगे हैं। उनके आस-पास कोई नहीं है। उनके आगे और पीछे जो भी नाम हैं, वह सब संन्यास ले चुके हैं। इसलिए रिकॉर्ड सुधारने का मौका सिर्फ धोनी के पास है। वह विश्व कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शिकार करने का विकेटकीपर भी हैं और सर्वकालिक सफलतम विकेटकीपर की लिस्ट में तीसरे। हालांकि सिर्फ कैचिंग की बात की जाए तो वह लिस्ट में शामिल पांच सफलतम विकेटकीपरों में 27 कैच के साथ सबसे पीछे हैं, लेकिन स्टंपिंग में 5 शिकार कर तीसरे स्थान पर हैं। हालांकि उनसे ऊपर जो दो दिग्गज विकेटकीपर हैं, उनसे धोनी ने काफी कम मुकाबले खेले हैं। उन्होंने विश्व कप में अब तक 20 मैच खेलकर 27 कैच और 5 स्टंपिंग के साथ कुल 32 शिकार किए हैं।

पढ़ें : दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका, चोटिल कगिसो रबाडा का अब आईपीएन में खेलना मुश्किल

ब्रेंडन मैक्कुलम, न्यूजीलैंड के इस दिग्गज का भी नाम
इस लिस्ट में चौथे नंबर न्यूजीलैंड दिग्गज विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्कुलम है। वह कैचिंग और स्टम्पिंग दोनों में ही चौथे स्थान पर है। इन्होंने विश्व कप कुल 34 मुकाबले में ओवरऑल 32 शिकार किए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 कैच और 2 स्टंपिंग की है।

मार्क बाउचर, एक भी स्टम्प नहीं, फिर भी टॉप-5 में
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर का नाम इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। हालांकि आपको जानकर हैरत होगी कि उन्होंने विश्व कप में एक भी शिकार स्टंप के जरिये नहीं किया है। उन्होंने 25 मैचों में 31 खिलाड़ियों को कैच कर इस लिस्ट में अपनी जगह सुरक्षित की है। अगर सिर्फ कैचिंग की बात करें तो वह धोनी और मैक्कुलम से ऊपर तीसरे नंबर पर हैं।

नंबर वन बन सकते हैं धोनी
अगर आंकड़ों की बात की जाए तो यह थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं है। क्योंकि अभी तक महेंद्र सिंह धोनी ने 20 मैच खेलकर 27 कैच और 5 स्टंपिंग के जरिये कुल 32 शिकार किए हैं। यानी औसतन 1.6 शिकार हर मैच में। अगर इसी औसत से धोनी ने विश्व कप में शिकार किए तो वह ग्रुप मैच खत्म होने तक 47 शिकार कर चुके होंगे। अगर टीम इंडिया फाइनल तक पहुंची तो करीब 50 शिकार उनके खाते में होंगे। इस लिस्ट में सबसे ऊपर कुमार संगकारा के खाते में 54 शिकार हैं तो दूसरे नंबर पर गिलक्रिस्ट के खाते में 52 शिकार हैं। इस लिहाज से वह अगर इन दोनों को पार नहीं पा सके, तब भी उनके काफी करीब पहुंच जाएंगे और अगर इस विश्व कप में उनके शिकार करने का औसत थोड़ा सा भी बढ़ा, जो संभव है तो वह इन दोनों का रिकॉर्ड तोड़कर शीर्ष पर भी विराजमान हो सकते हैं। वह इन दोनों से कम मैचेज खेलकर।
इसके अलावा सिर्फ कैच की बात करें तो उन्होंने 20 मैचों में 27 शिकार किए हैं। यानी औसतन प्रति मैच 1.3 शिकार। इस लिहाज से अगर देखें तो अगर टीम इंडिया फाइनल खेलती है तो वर्तमान औसत के हिसाब से धोनी के खाते में 14 कैच आ सकते हैं। यानी वह 41 कैचों के साथ कैचों के मामले में संगकारा की बराबरी पर पहुंच कर कैच के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे, लेकिन अगर वह चार कैच और पकड़ने में सफल होते हैं तो कैचों के मामले में भी वह सबसे ऊपर गिलकिस्ट से आगे जा सकते हैं। रही बात स्टंपिंग की तो इस मामले में उनका नंबर वन बनना मुश्किल नजर आता है। क्योंकि विश्व कप में धोनी की स्टंपिंग की रफ्तार 4 मैचों में 1 स्टम्प की है। इस लिहाज से अगर भारत विश्व कप फाइनल खेलता है तो वह कुल तीन कैच लेकर वह अभी तक के पांच कैच को बढ़ाकर आठ पर ही पहुंचा पाएंगे। अगर औसत थोड़ा बेहतर भी है, तब भी यह इसलिए मुश्किल लगता है, क्योंकि स्टम्पिंग के मामले में संगकारा काफी आगे हैं। वह विश्व कप में 13 स्टंप कर चुके हैं। ऐसे में उनका इस रिकॉर्ड तक पहुंचना नामुमकिन लगता है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.