बहरावण्डाखुर्द. कस्बे में गुरुवार को घरेलू बिजली कनेक्शनों में हाईवोल्टेज आने से कई घरों के बिजली उपकरण जल गए। इससे उपभोक्ताओं को नुकसान झेलना पड़ा। वहीं विभाग के अधिकारी पुरानी और जर्जर लाइनों को बदलने की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कस्बे के बीएसएनएल ऑफिस के सामने लगे सिंगल फेज ट्रांसफार्मर पर 11 केवी लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे 13 बिजली उपभोक्ताओं के बिजली मीटर और पोल से आ रही लाइन जल गई। पीडि़त उपभोक्ता धर्मेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि गुरुवार सुबह अचानक घरों में तेज करंट दौड़ गया। वहीं पोल से उतर रही बिजली केबल में आग लग गई। इससे बिजली के मीटर जल गए। वहीं समीप ही रहने वाले करीब आधा दर्जन उपभोक्ताओं के घरेलू उपकरण भी जल गए। इनमें गणपत सिंह राजावत के एक फ्रीज, पंखा व टीवी, महावीर सिंह चौधरी के दो कूलर, एक पंखा, टीवी, फ्रीज, रामभरोस चौधरी के एक इन्वर्टर, टीवी, पंखा, राजेश चौधरी का एक पंखा, वेल्डिंग मशीन व फ्रीज, सियाराम चौधरी के एक पानी की मोटर, एक कूलर और एलईडी बल्ब, जगमोहन चौधरी के दो पंखे, एक छाछ की मशीन, एक टीवी और बल्ब जल गए। पीडि़तों ने बताया कि 11 केवी की लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। फिर भी विभाग उसे बदल नहीं रहा है। इसके चलते हल्की हवा चलने पर लाइन फाल्ट हो जाती है या फिर तार टूट जाता है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से जल्द लाइन बदलने की मांग की है।
बड़ा हादसा टला : प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र जादौन, राजेश, कन्हैया, भरोस चौधरी ने बताया कि गुरुवार सुबह वे सभी ट्रांसफार्मर के सामने चाय की केबिन पर बैठे हुए थे। तभी अचानक तेज चिंगारियों के साथ सिंगल फेज ट्रांसफार्मर में चिंगारिया निकलने लगी। साथ ही घरों में लगे बिजली मीटर और पोल से आ रही केबल जलने लगी। जीएसएस बहरावण्डा खुर्द पर सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।





No comments:
Post a Comment