Breaking News
recent

अपडेट खबर: प्रधानमंत्री मोदी बोले, अर्जुनराम ने एक परिवार के पापों का संसद में किया खुलासा

बीकानेर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सार्दुल क्लब मैदान में भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीकानेर और प्रदेश से जुड़े कई मामलों पर बोले। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस की एक परिवार से आगे कुछ सोचने की क्षमता नहीं बची है। यहां बीकानेर में भी विकास के काम की जगह किसानों की जमीन पर कब्जा करने का खेल खेला।

 

 

मोदी ने कहा कि अर्जुन मेघवाल को बधाई देता हूं कि उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बीकानेर के किसानों की जमीन को एक परिवार की ओर से हड़प करने के मामले को संसद में उठाया। उस समय संसद में सामने बैठे लोगों के मुंह लटक गए, रोना बाकी रह गया था। वे अब इतने गुस्से में है कि जोधपुर से उनका (अशोक गहलोत) का बेटा भले हार जाए। प्रदेश की २५ में से २४ सीटें हार जाए, लेकिन अर्जुन मेघवाल को संसद आने नहीं देना चाहते। क्योंकि मेघवाल ने इस परिवार के पापों को संसद में सार्वजनिक कर दिया। उन्होंने कहा कि अब इस लड़ाई को जीत की ओर ले जाने के लिए आशीर्वाद चाहिए।

 

 

किस पर क्या और बोले...

सेना को मिलेगी एके-२०३ राइफल : बीकानेर सीमावर्ती क्षेत्र है। एेसे में उन्होंने मजबूत सरकार बनाने के लिए सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे निर्णय लेने की ताकत मिलने का जिक्र किया। मोदी ने कहा कि आज भारत जल, थल और नभ सभी में दुश्मन पर सर्जिकल स्ट्राइक करने में सक्षम है। मेक इन इंडिया के तहत के-९ व्रज का उत्पादन हो चुका है। भारत की पहली आर्टिलरी गन धनुष सेना को मिली। एके-४७ से भी आगे बढ़कर दुनिया की अत्याधुनिक एके-२०३ राइफल का उत्पादन आज हिन्दुस्तान में हो रहा है।

 

 

सौर ऊर्जा: २०२२ तक बनेगा हब

बीकानेर सहित राजस्थान का बड़ा मरुस्थलीय भाग सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा उत्पादन में सक्षम है। इन्हें भुनाते हुए मोदी बोले इंटरनेशनल सौलर एलायंस यानी आइसा का भारत की अगुवाई में बहुत बड़ा आंदोलन विश्व में चल रहा है। यह पहला अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसका हैडक्वार्टर भारत में है। दुनिया के दर्जनों देश इसके सदस्य हैं। हमने लक्ष्य रखा है कि २०२२ तक देश की अधिकतर बिजली सौर और पवन ऊर्जा से बने। इसका बहुत बड़ा फायदा बीकानेर सहित पूरे राजस्थान को होने वाला है।

 

 

शत्रु सम्पत्ति: 1800 करोड़ जब्त

भारत-पाक विभाजन के बाद बहुत सी सम्पत्तियां सीमावर्ती क्षेत्र में आज भी हैं। एेसे में मोदी ने इसे शत्रु सम्पत्ति कानून से जोड़कर भुनाया। मोदी ने कहा कि बंटवारे के समय जो पाकिस्तान चले गए, उनकी यहां रही सम्पत्ति पर भारत को कब्जा करना चाहिए था। लेकिन ये कांग्रेस और उसकी महामिलावटी दुनिया टालती रही। चौकीदार की सरकार ने शत्रु सम्पत्ति कानून लागू किया। अब तक १८०० करोड़ से अधिक की शत्रु सम्पत्ति हमने जब्त कर ली है।

 

 

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.