प्रतापगढ़. राजस्थान पत्रिका और नगरपरिषद की ओर से अमृतं जलम् अभियान के तहत रविवार को सुबह 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक प्रतापगढ़ शहर के दीपेश्वर तालाब सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम की बूदों से जलाशयों को निखारा जाएगा। अभियान के तहत भगीरथ बनने के लिए सैंकड़ों हाथ उठेंगे और जलाशयों की साफ-सफाई और गहरीकरण का कार्य किया जाएगा।
लोग उत्साह से लबरेज
पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान के तहत होने वाले श्रमदान के आयोजनों को लेकर लोग उत्साह से लबरेज हैं। शहर-गांवों के आमजन आगे आकर उत्साह से श्रमदान के लिए आएंगे और मेहनत के पसीने से अपने जलस्त्रोतों को पानी का स्तर बढ़ाने के लिए सीचेंगे। लोगों ने कहा की वे अपने परिवार के साथ दीपेश्वर तालाब पहुंचकर श्रमदान करेंगे।
बुजुर्गो में भी उत्साह
दीपेश्वर तालाब का गहरीकरण कर वहां वर्षभर पानी भरा रहने की कवायद को लेकर बुजुर्गो में भी काफी उत्साह है। उनका कहना है की दीपेश्वर तालाब शहर की विरासत है और इसे सहेजने और निखारने के लिए वे भी तालाब में श्रमदान के लिए आएंगे और श्रमदान करेंगे।
युवा दिखाएंगे अपनी ताकत
तालाब की साफ-सफाई और इसके गहरीकरण के लिए युवा भी काफी जोश से भरे हुए हंै। एबीवीपी, एनएसयूआई सहित विभिन्न छात्र संगठनों सहित शहर के युवाओं का कहना है कि वे पूरे उत्साह से तालाब पहुंचेंगे और श्रमदान में अपनी ताकत दिखाएंगे।
विभिन्न संगठन आ रहे आगे
दीपेश्वर तालाब में श्रमदान के लिए शहर के विभिन्न संगठन भी उत्साह से आगे आ रहे हैं। भारत विकास परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कांग्रेस सेवादल, पतंजलि योग सेवा समिति, स्काउट, महावीर चेरिटेबल सोसायटी, महावीर इंटरनेशनल, सृजन सेवा संस्थान, विद्युत तकनीकी कर्मचारी संगठन, नर्सिंग एसोसिएशन, जिला बार एसोसिएशन, शिक्षक संघ, टीचर्स गु्रप, गायत्री परिवार, एनसीसी, सरगम विजन, बी ब्यायज, कृष्णा कैरियर इंस्टीटयूट, एलबीएस, एपीसी महाविद्यालय सहित सामाजिक संगठन, कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने कहा कि वे बढ़चढकऱ श्रमदान में अपनी भागेदारी निभाएंगे।
राजनीति से परे श्रमदान
शहर की शान दीपेश्वर तालाब में श्रमदान के दौरान विभिन्न पार्टियों से जुड़े लोग राजनीति से परे हटकर एक साथ कंघे से कंधा मिलाकर श्रमदान करेंगे। भाजपा, कांग्रेस आदि पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तथा नगरपरिषद पार्षद, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि श्रमदान के लिए पहुंचेंगे।
सामाजिक-धार्मिक संस्थान भी आएंगे
दीपेश्वर तालाब में श्रमदान के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थान भी बढ़चढ़ भाग लेंगे। विभिन्न धर्म-समाज के लोग तालाब की साफ-सफाई और गहरीकरण के लिए एक साथ मिलजुलकर कार्य करेंगे और अपने शहर के गौरव को बढ़ाने में अपनी भागेदारी निभाएंगे।





No comments:
Post a Comment