Breaking News
recent

सीधे माल उठाने पर श्रमिकों ने काम रोका

-समझौता वार्ता के बाद श्रमिकों ने कार्य शुरू किया

सूरतगढ़. एफसीआई की ओर से नई धानमण्डी से गेहूं से भरे कट्टों का उठाव करवाकर बाहर भेजने पर श्रमिकों ने ऐतराज जताते हुए वेयर हाउस में काम ठप कर दिया। इस वजह से गेहूं से भरे करीब दस वाहन करीब चार घण्टे तक खड़े रहे। एफसीआई के उच्चाधिकारियों ने वेयर हाउस में श्रमिकों के साथ समझौता वार्ता कर मामले का समाधान करवाया। इसके बाद गेहूं से भरे गाडिय़ों को खाली करवाया गया।

जानकारी के अनुसार नई धानमण्डी में गेहूं की सरकारी खरीद कार्य के शुरूआत में ही गेंहूं से भरे कट्टों का उठाव कार्य नियमानुसार मण्डी से सीधे बाहर भेजने व वेयर हाउस में लगाने का आश्वासन दिया। इस पर वेयर हाउस के श्रमिकों ने भी सहमति दी थी। हाल ही में वेयर हाउस की ओर से नई धानमण्डी से भरे कट्टों को वेयर हाउस में रखने की बजाए सीधे वाहनों के माध्यम से बाहर भेज दिया गया।

इस पर वेयर हाउस में लेबर, पल्लेदार यूनियन सीटू अध्यक्ष महीराम के नेतृत्व में ऐतराज जताते हुए श्रमिकों ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वेयर हाउस में कार्य ठप कर दिया। इस वजह से गेहूं से भरी करीब दस गाडिय़ा घण्टों तक मौके पर खड़ी रही। इस वजह से गेहूं का उठाव कार्य प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर एफसीआई के प्रबंधक अविनाश चौधरी वेयर हाउस पहुंचे।

उन्होंने श्रमिकों के साथ वार्ता की। इसके तहत उन्होंने वेयर हाउस व भगवानसर के गोदाम में गेहूं से भरे कट्टों का रखाव कार्य पूर्ण होने के बाद ही बाहर कट्टे भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिक कार्य पर लौट आए। दोपहर करीब तीन बजे उठाव कार्य पटरी पर लौटा।

-उठाव कार्य करेंगे तेज
एफसीआई के प्रबंधक अविनाश चौधरी ने बताया कि वेयर हाउस में करीब डेढ़ लाख कट्टों व भगवानसर में करीब साढ़े तीन लाख कट्टों के रखने की जगह है। पहले स्थानीय गोदामों को भरा जाएगा। इसके बाद अन्य विकल्पों पर कार्य करेंगे। वही यूनियन अध्यक्ष महीराम ने बताया कि सुबह आठ से तीन बजे तक गेहूं से भरे कट्टों को वेयर हाउस में उतारा नहीं गया। समझौता वार्ता के बाद काम शुरू कर दिया है।

-3.80 लाख कट्टों की खरीद
एफसीआई के गुणवता निरीक्षक कौशल शर्मा ने बताया कि मण्डी में अबतक 3.80 लाख कट्टों की खरीद हुई। जबकि 2.70 लाख कट्टों का उठाव हुआ। जबकि मण्डी में अभी भी 1.10 लाख कट्टे भरे हुए पड़े हैं। उन्होंने बताया कि अबतक 521 किसानों को गेहूं की सरकारी खरीद 80570 क्विंटल पर 14 करोड़ 80 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया है। वही सरसों व चने की सरकारी खरीद कार्य जारी है।

क्रय विक्रय सहकारी समिति के प्रबंधक गिरधारीलाल सहारण ने बताया कि अबतक चने के 3839 तथा सरसों के 37583 कट्टों की खरीद हुई। वही किसानों का कहना है कि चने का उठाव कार्य में तेजी होनी चाहिए, ताकि व्यवस्थाएं प्रभावित ना हो सके।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.