गंगापुरसिटी . वजीरपुर क्षेत्र के शिवाला गांव निवासी एक महिला की ओर से राष्ट्रीय महिला आयोग को दिए पत्र की खबर पत्रिका में प्रकाशित होने के बाद पुलिस प्रशासन में हरकत आया है। महिला की ओर से सुरक्षा की मांग करने के बाद पुलिस ने सुरक्षा का आश्वासन देते हुए महिला के परिजन एवं रिश्तेदारों को पाबंद किया है।
महिला सुमन मीना ने बताया कि उसने वर्ष २०१८ में स्वेच्छा से मैरिज रजिस्टार ऑफिस एवं आर्य समाज मंदिर में विधिवत शादी की थी, लेकिन मेरे पीहर पक्ष के लोग एवं रिश्तेदार मुझे, मेरे पति, सास-ससुर एवं जेठ-जेठानी को जान से मारने (ऑनर किलिंग) की फिराक में हैं।
महिला का आरोप है कि उसके परिजन उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे हैं। महिला ने इस संबंध में पीलोदा थाना प्रभारी से मिलकर शीघ्र ही उसके परिजनों को पाबंद कर पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। महिला ने पत्र की प्रति पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक को भेजी है। पत्रिका में इस मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने महिला से बातचीत कर उसे सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया है। वहीं महिला की ओर से नामजद की गई शिकायत में से 12 लोगों को पाबंद भी किया है।
इनका कहना है
महिला की ओर से मिली श्किायत के बाद इस मामले में एक दर्जन लोगों को पाबंद किया है। इनमें तीन महिला एवं नौ पुरुष हैं। महिला की ओर से दिए गए नामों के बाद उसके पीहर पक्ष एवं रिश्तेदारों को पाबंद किया है।
- विनोद मीना, थाना प्रभारी पीलोदा





No comments:
Post a Comment