-
सिवाना. राजस्व महकमें में पद रिक्तता आमजन के लिए परेशानी और कार्मिकों के लिए कार्य बोझ बनी हुई है। जहां पटवारियों के पद रिक्त होने से आमजन को छोटे-मोटे कार्य के लिए पटवारी कहां है, यह पता करने में समय लग जाता है तो पटवारी भी कार्य की अधिकता से परेशान है। भू अभिलेख निरीक्षक व नायब तहसीलदार का पद भी खाली होने से राजस्व कार्य प्रभावित होने के साथ लेटलतीफी का कारण बन रहे हैं।
तहसील क्षेत्र में लम्बे समय से पटवारियों की चल रही पद रिक्तता ने आमजन की परेशानी बढ़ाती जा रही है। वर्तमान में स्थिति ऐसी बनी हुई है कि एक पटवारी के पास दो से तीन पटवार मंडलो का कार्यभार होने के कारण उन्हें लम्बी दूरी के फासलों पर स्थित अलग-अलग पटवार मंडलो पर उपस्थित रहना पड़ रहा है। जिससे सामान्य कार्यों के लिए आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर पटवारी भी दो से तीन पटवार मंडलो के कार्यभार के साथ साथ कृषि आदान अनुदान कार्य, गिरदावरी व जमाबंदी कार्य, नामांतरणकरण, नकल जारी करने के साथ आमजन को पेंशन योजना सहित सरकारी योजनाओं के आवेदनों को सत्यापित करने का कार्य करने से बोझ तले दबे हुए हैं।
यह है रिक्त पदों की स्थिति- सिवाना तहसील क्षेत्र में तहसील कार्यालय सहित तेईस पटवार मंडलों के लिए 26 पटवारियों के पद सृजित है। जिसमे में से 16 पदस्थापित है। उसमें से भी एक अन्यत्र प्रतिनियुक्ति पर चल रहा है। एक महिला पटवारी प्रसूता अवकाश पर है। इसके साथ ही भू-अभिलेख निरीक्षक के कुल 9 में से पांच पद रिक्त हैं। नायब तहसीदार का पद भी दो साल से रिक्त होने के कारण आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। निप्र.
शीघ्र रिक्त पद भरें - लम्बे समय से पटवारियों के पद रिक्त होने के कारण आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगो को सामान्य कार्य के लिए भी इधर से उधर पटवारियों के पीछे चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शीघ्र रिक्त पद भरे जाए। - शैतानसिंह डाबली, सरपंच मोतीसरा
नायब तहसीदार का भी पद रिक्त- आमजन की परेशानी को देखते हुए सिवाना तहसील में दो साल से रिक्त नायब तहसीलदार का पद सहित भू अभिलेख निरीक्षक के रिक्त पद भी शीघ्र भरे जाएं। - फुसीदेवी, सरपंच सेला





No comments:
Post a Comment