Breaking News
recent

जवाई नदी में बजरी से भर रहे थे ट्रेक्टर, टीम पहुंची और फिर..

जालोर. जवाई नदी के प्रवाह क्षेत्र में लगातार हो रहे बजरी के खनन पर विभागीय टीम ने मंगलवार अल सवेरे कार्रवाई करते हुए 10 टे्रक्टर ट्रोली जब्त किए। विभागीय जानकारी के अनुसार लेटा जवाई नदी से 8 और सामतीपुरा जवाई नदी से 2 ट्रेक्टर जब्त किए गए। कार्रवाई की भनक लगने पर खननकर्ता मौके से टे्रक्टर भगाने लगे, लेकिन विभागीय टीम और पुलिस जाब्ते ने उन्हें पकड़ लिया। इधर, लेटा जवाई नदी पर सवेरे बड़ी मात्रा में बजरी का खनन हो रहा था। जिस पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान ट्रेक्टर बजरी से लदे हुए थे। खनन विभाग के अधिकारियों ने सरकारी वाहन को एक मात्र रास्ते पर खड़ा कर दिया, जिससे कच्चा रास्ता भी अवरुद्ध हो गया और यहां से 8 टे्रक्टर को जब्त कर लिया गया।


2 लाख 9 हजार की पेनल्टी वसूली
विभाग की ओर से 8 ट्रेक्टर ट्रोली से जुर्माना राशि वसूल की गई, जबकि दो ट्रेक्टर पुलिस की निगरानी में कोतवाली में रखा गया। विभाग की ओर से सलीम खान निवासी सायरों की ढाणी के कुल ट्रेक्टरों की जब्ती से क्रमश: 26 हजार 750 और 25 हजार 350 रुपए, सायरो की ढाणी निवासी इशाक खान से 27 हजार 750, राजेंद्र नगर जालोर निवासी राजेंद्रसिंह से 25 हजार 350, रतनपुरा निवासी हरीसिंह गुर्जर से 26 हजार 750, फुटरमल माली और अंबालाल माली से क्रमश: 26 हजार 750 रुपए कुल 2 लाख 9 हजार 800 रुपए की वसूली की गई। कार्रवाई में फोरमैन प्रवीण कुमार पटेल, कार्यालय कर्मचारी ओमप्रकाश मौजूद थे।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी
अवैध खनन के मामलों में अक्सर कार्रवाई के दौरान तनातनी के हालात बनते हैं। खनन माफिया कई मौकों पर तो टीम से उलझते भी है, जैसा कि सायला क्षेत्र में हुआ था। खनन टीम की ओर से कार्रवाई के दौरान केवल पुलिस के चंद स्टाफ के भरोसे ही रहना पड़ता है। इन स्थितियों में गंभीर हालात बन सकते हैं। ऐसे में जरुरी है कि विभागीय कार्रवाई के दौरान पुलिस की ओर से माकूल पुलिस जाब्ता मुहैया करवाया जाए।


बड़ी मात्रा में बजरी का हो रहा परिवहन
विभाग की ओर से समय समय पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन यह कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है। जालोर शहर के आस पास के क्षेत्रों की बात करें तो मुख्य रूप से लेटा, सामतीपुरा जवाई नदी पर ही कार्रवाई की जा रही है, लेकिन बड़े पैमाने पर बजरी का अवैध खनन बिशनगढ़ मार्ग जवाई नदी पर हो रहा है। वहीं महेशपुरा मार्ग जवाई नदी पर भी बदस्तूर खनन हो रहा है।


भीतरी भागों से पहुंचाई जा रही बजरी
छोटी जरुरतों के लिए बजरी का परिवहन ट्रेक्टर ट्रोली से किया जा रहा है। वहीं बड़े प्रोजेक्ट के लिए बजरी का परिवहन भीतरी भागों से हो रहा है। इसमें मोदरा-रानीवाड़ा काबा के बीच स्थित सुकड़ी नदी पर भी लगातार अवैध खनन हो रहा है। सूत्रों की मानें तो यहां से अवैध रूप से बजरी के डंपर भरे जा रहे हैं। यहां से बजरी का परिवहन मुख्य रूप से सटे हुए बाड़मेर जिले के क्षेत्रों तक हो रहा है। लेकिन अब तक यहां बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। यही हाल शहर के आस पास के अन्य खनन क्षेत्रों में भी है। यहां भी बजरी का खनन हो रहा है। आहोर क्षेत्र जिसमें मुख्य रूप से पचानवा क्षेत्र में जवाई नदी क्षेत्र से दिन रात बजरी का खनन हो रहा है, लेकिन अब तक यहां पर बड़ी कार्रवाई का इंतजार है।


जारी रहेगी कार्रवाई
विभागीय टीम की ओर से मंगलवार अल सवेरे कार्रवाई करते हुए 10 ट्रेक्टरों को जब्त किया गया है। जुर्माना राशि वसूल की गई है। आगे भी विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
- सत्यनारायण शर्मा, खनि अभियंता, जालोर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.